देश

क्या यहाँ फिर से लगेगा लॉकडाउन? CM ने किया ये बड़ा ऐलान

नई दिल्ली: देश की राजधानी में बढ़ते मामलों के बीच आज (रविवार को) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अभी लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है लेकिन सभी लोग मास्क लगाकर रखें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें.

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप सबकी दुआओं से मैं ठीक हो गया हूं. मैं 7-8 दिन होम आइसोलेशन में रहा. मुझे दो दिन तक बुखार था. अब मैं आपकी सेवा में फिर से हाजिर हो गया हूं. दिल्ली में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर चिंतित हूं. होम आइसोलेशन में भी इस मुद्दे पर सारे अधिकारियों के संपर्क में था.

लॉकडाउन लगाने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन लगाने का कोई प्लान नहीं है. हम लॉकडाउन लगाना नहीं चाहते हैं. सबकी रोजी-रोटी चलती रहनी चाहिए. लेकिन आप सभी से अपील है कि मास्क जरूर लगाएं.

उन्होंने आगे कहा कि कल (शनिवार को) दिल्ली में कोरोना वायरस के 20 हजार मामले सामने आए थे. वहीं पिछली लहर में जब 7 म‌ई को इतने केस आए थे तो 341 मौतें हुई थीं लेकिन कल सिर्फ 7 मौतें हुईं. मौत का आंकड़ा पहले से काफी कम है. हालांकि हम मानते हैं कि एक भी मौत नहीं होनी चाहिए.

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले इतने मामले होने पर लगभग 20 हजार लोग अस्पताल में भर्ती थे, कल केवल डेढ़ हजार बेड भरे थे. ये उतना खतरनाक नहीं है. आप लोगों को घबराना नहीं है, सावधान रहें.

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप लोग मास्क पहने रहें. अस्पताल जाने की कम जरूरत पड़ेगी. जरूरत ना होने पर घर से बाहर ना निकलें. हम लॉकडाउन नहीं लगाना चाहते हैं. इससे लोगों के रोजगार पर फर्क पड़ता है. कल (सोमवार को) LG साहब के साथ DDMA की बैठक है. हमें केंद्र सरकार से भी पूरा सहयोग मिल रहा है.

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button