विराट का बाहर होना हार की वजह..?

टीम इंडिया को जोहानिसबर्ग टेस्ट मैच में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. गुरुवार को मुकाबले के चौथे दिन साउथ अफ्रीका ने 240 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को हासिल कर लिया था. अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर ने नाबाद 96 रन बनाकर जीत की इबारत लिखी.
भारतीय टीम की हार के बाद फैंस को कप्तान विराट कोहली को याद कर रहे हैं. ज्यादातर फैंस का मानना है कि कोहली की कमी पूरे मैच में टीम इंडिया को खली. कोहली पीठ में जकड़न के चलते दूसरे टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे. विराट कोहली की जगह केएल राहुल ने दूसरे टेस्ट में कप्तानी की बागडोर संभाली थी.
अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने कोहली को लेकर बयान दिया है. मांजरेकर का मानना है कि कोहली के ऊर्जा की कमी हमेशा खलेगी. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोहली के नहीं खेलने से टीम की हार हुई.
मांजरेकर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा, ‘कोहली की ऊर्जा उनकी बड़ी ताकत है और वो हमेशा खलेगी. लेकिन मैं यह नहीं मानता कि कोहली के नहीं खेलने से भारत टेस्ट मैच हारा है. यह टीम आसानी से हार नहीं मानती है. एडिलेड में टीम 36 पर आउट हो गई थी, लेकिन उसने अगला टेस्ट मैच जीता था
अश्विन से गेंदबाजी की शुरुआत को लेकर उन्होंने कहा, ‘नहीं, मुझे लगता है कि अश्विन से दिन की शुरुआत में गेंदबाजी करवाना ठीक था. बल्लेबाज को शुरुआत में स्पिन के खिलाफ फुटवर्क का इस्तेमाल करना पड़ता है, ऐसे में अश्विन और शमी से गेंदबाजी की शुरुआत करना सही था.
डीन एल्गर की तारीफ करते हुए मांजरेकर ने बताया, ‘आजकल वर्ल्ड क्रिकेट में ओपनर्स के गुणवत्ता में कमी आई है. रोहित शर्मा एक क्वालिटी ओपनर हैं. डीन एल्गर ने यह पारी खेलकर अपना ओहदा बड़ा कर लिया है. अब यह कहना होगा कि एल्गर विपरीत परिस्थितियों में एक दिग्गज बल्लेबाज बन गए हैं.’
मांजरेकर ने कहा, ‘पहली पारी में भारत ने 202 रन बनाए, जिसके चलते साउथ अफ्रीका टीम मुकाबले में लौटी. यह अच्छी सोच होगी. सिराज की इकोनॉमी इस मुकाबले में समस्या थी. ईशांत शर्मा गेंदबाजी में नियंत्रण लाएंगे.’



