कप्तानी विवाद के बाद पहली बार सामने आए राहुल द्रविड़

हाल ही में भारतीय टीम में हुए कप्तानी विवाद पर कोच राहुल द्रविड़ पहली बार खुलकर सामने आए हैं. उन्होंने विराट कोहली की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़ें हैं. द्रविड़ ने कहा कि कोहली बेहतरीन खिलाड़ी और कप्तान हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में उनकी बड़ी भूमिका रहने वाली है.
दरअसल, टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच रविवार (26 दिसंबर) से टेस्ट सीरीज का पहला मैच सेंचुरियन में खेला जाएगा. इससे पहले कोच राहुल द्रविड़ ने मीडिया से बात की. इसी दौरान द्रविड़ ने भारतीय टीम की तैयारी, कप्तानी विवाद और विराट कोहली को लेकर बात की.
कोहली की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी
द्रविड़ ने कहा कि विराट कोहली की बतौर खिलाड़ी और बतौर कप्तान एक महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. वे उन खिलाड़ियों में से हैं, जो टेस्ट क्रिकेट से प्यार करते हैं. वे मैच को खत्म करने और ज्यादा से ज्यादा खेलने पर ध्यान देना चाहते हैं. उम्मीद है कि यह उनके लिए शानदार सीरीज होगी और वे इसका फायदा उठाते हुए टीम को जीत दिलाएंगे.
द्रविड़ ने कहा- कप्तान चुनना मेरा काम नहीं है
जब राहुल द्रविड़ से व्हाइट बॉल टीम की कप्तानी को लेकर सवाल हुआ, तब उन्होंने कहा कि कप्तान को चुनना मेरा काम नहीं है, बल्कि ये सेलेक्टर्स ही तय करते हैं. अभी ऐसा माहौल नहीं है कि हम इस विषय पर बात करें, हमारा फोकस टेस्ट सीरीज पर है.