लुधियाना के कोर्ट में हुए ब्लास्ट केस के आरोपी की हुई पहचान,धमाके में हो गई आरोपी की मौत

लुधियाना: पंजाब में लुधियाना के कोर्ट में हुए ब्लास्ट के आरोपी की पहचान हो गई है. लुधियाना ब्लास्ट का आरोपी पंजाब पुलिस का बर्खास्त सिपाही गगनदीप है. गगनदीप ड्रग्स केस में 2019 में गिरफ्तार हुआ था. ब्लास्ट में गगनदीप की मौत हो गई. हालांकि अभी इस मामले में 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
लुधियाना ब्लास्ट पर क्या बोले डिप्टी सीएम?
पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा ने इस मामले पर शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. जिसमें उन्होंने कहा कि शनिवार यानी आज पंजाब के DGP इस पूरे मामले पर एक-एक जानकारी देंगे. जो व्यक्ति इसके पीछे है उसकी पहचान हो चुकी है. आदेश दिए हैं कि कोर्ट कॉम्प्लेक्स और डीसी ऑफिस में दो रास्ते होने चाहिए ताकि सुरक्षा ठीक तरीके से की जा सके. बहुत से कोर्ट कॉम्प्लेक्स में मेटल डिटेक्टर न होने के सवाल पर कहा सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मेटल डिटेक्टर जहां खराब हैं उनको बदला जाएगा. वाहनों की चेकिंग के आदेश दिए हैं. सीसीटीवी लगाने का ऑर्डर भी दिया है.
धमाके में हो गई आरोपी की मौत
बताया जा रहा है कि लुधियाना कोर्ट में बम लगाते वक्त ब्लास्ट होने से गगनदीप की जान चली गई. गगनदीप, पंजाब के खन्ना का रहने वाला था और दो साल की सजा काटकर बाहर आया था. लुधियाना कोर्ट में गुरुवार को ब्लास्ट हुआ था. इस ब्लास्ट में 1 शख्स की मौत हुई थी और 5 लोग जख्मी हो गए थे.
बरामद हुआ आरोपी का फोन
जानकारी के मुताबिक, गगनदीप लुधियाना कोर्ट में बम असेंबल करने गया था लेकिन बम फट गया और वो खुद ही ब्लास्ट में मारा गया. धमाके में गगनदीप का शरीर क्षत-विक्षत हो गया. गगनदीप के कपड़े आंशिक रूप से जल गए. पुलिस को गगनदीप का जला हुआ मोबाइल फोन भी मिला है.