खेल

महेंद्र सिंह धोनी ने जिस खिलाड़ी को तराशा, उसने कप्तानी मिलते ही 48 घंटे में किया ये कमाल

नई दिल्ली. महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2021 का चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) का विजय हजारे ट्रॉफी में भी शानदार फॉर्म जारी है. इस टूर्नामेंट मे महाराष्ट्र की कप्तानी करने वाले ऋतुराज ने 2 दिन के अंदर दूसरा शतक ठोक दिया. ऋतुराज ने गुरुवार को छतीसगढ़ के खिलाफ हुए मुकाबले में 143 गेंद में नाबाद 154 रन बनाए. इस पारी में ऋतुराज ने 14 चौके और 5 छक्के जमाए. यानी 86 रन सिर्फ बाउंड्री से हासिल किए. उनकी इस कप्तानी पारी की बदौलत महाराष्ट्र ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया. उनके अलावा य़श नाहर ने भी 52 रन बनाए

विजय हजारे ट्रॉफी के इस मैच में छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 275 रन बनाए थे. 276 रन के टारगेट के जवाब में महाराष्ट्र के लिए ओपनिंग कर रहे ऋतुराज ने 105 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. ऋतुराज ने सिक्स जड़कर अपना सैकड़ा पूरा किया. इसके बाद तो उन्होंने चौके-छक्कों की बरसात कर दी और महाराष्ट्र ने 47 ओवर में 2 विकेट खोकर जीत के लक्ष्य को हासिल कर लिया.

एक दिन पहले ही ऋतुराज गायकवाड़ ने टूर्नामेंट के पहले मैच में मध्य प्रदेश के खिलाफ 136 रन की कप्तानी पारी खेली थी. यह मुकाबला राजकोट में खेला गया था. ऋतुराज ने एमपी के खिलाफ 112 गेंद में 136 रन ठोके. अपनी इस पारी में उन्होंने 14 चौकों के अलावा 4 छक्के भी जमाए थे. इस मैच से एक दिन पहले ही उन्हें इस टूर्नामेंट के लिए महाराष्ट्र की 20 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया था. ऋतुराज टीम के सलामी बल्लेबाज के साथ-साथ कप्तान के रोल में भी हिट साबित हुए और उनकी टीम ने यह मैच 2 गेंद रहते 5 विकेट से जीता था.

 

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button