विराट कोहली ने इस गेंदबाज को नहीं किया रिटेन

अबुधाबी. आईपीएल 2022 (IPL 2022) के लिए 8 फ्रेंचाइजी टीमों ने 27 खिलाड़ियों को रिटेन किया है. हालांकि कई बड़े खिलाड़ी रिटेन नहीं हुए हैं. वे 2 नई टीम लखनऊ और अहमदाबाद से जुड़ सकते हैं. इसके अलावा वे मेगा ऑक्शन में भी उतर सकते हैं. विराट कोहली (Virat Kohli) की टीम आरसीबी ने सिर्फ 3 खिलाड़ियों को रिटेन किया है. टीम ने (RCB) कोहली के अलावा ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में जगह दी है. इस बीच टीम में रिटेन नहीं होने वाले एक गेंदबाज ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया है.
अबुधाबी में खेले जा रहे टी 10 लीग के एक मुकाबले में लेग स्पिनर वानीदु हसरंग ने 10 गेंद पर 5 विकेट लेकर सबकाे चौंका दिया है. इतना ही नहीं उन्होंने 2 ओवर में सिर्फ 8 रन दिए. पहली 2 गेंद पर उन्हें विकेट नहीं मिला था. श्रीलंका के गेंदबाज का प्रदर्शन टी10 लीग में बेहद शानदार रहा है. वे 10 मैच में अब तक 18 विकेट ले चुके हैं. इतना ही नहीं उनकी इकोनॉमी भी 9 से कम की है. यह टी10 के लिहाज से बेहद शानदार है.IPL2021 मे हसरंगा आरसीबी की ओर से खेले थे. लेकिन उन्हें टीम ने रिटेन नहीं किया है.



