सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मुकाबला,भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप के मैच ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी मैदान पर क्रिकेट मैच हो, रोमांच चरम पर होता है. इसकी एक बानगी यूएई में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान देखने को मिली. इस मैच के टिकट देखते ही देखते बिक गए थे. खास बात है कि ना तो मैच भारत में था, ना ही पाकिस्तान में लेकिन दर्शक संख्या के आधार पर इस मुकाबले ने रिकॉर्ड बना दिया है. अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने जानकारी दी है कि यह टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच बन गया है.
आईसीसी के मुताबिक, टी20 वर्ल्ड कप यूएई और ओमान में आयोजित होने वाला अब तक का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट रहा है. इस आयोजन ने कई रीजन में दर्शकों की संख्या का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसमें 167 मिलियन की टेलीविजन पहुंच का रिकॉर्ड शामिल है. इतना ही नहीं, स्टार इंडिया नेटवर्क पर भारत में 15.9 बिलियन मिनट की रिकॉर्ड खपत शामिल है जो बहुप्रतीक्षित भारत और पाकिस्तान मैच के दौरान दर्ज की गई. यह मुकाबला अब टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच है. इससे पहले साल 2016 में भारत में खेले गए इस आईसीसी इवेंट में भारत-वेस्टइंडीज सेमीफाइनल मैच लिस्ट में टॉप पर था.
भारत को उस मैच में करारी हार झेलनी पड़ी थी, जो टीम इंडिया का टी20 वर्ल्ड कप के इस सीजन का पहला ही मैच था. भारत इस टी20 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सका. उसे पाकिस्तान से हार झेलने के बाद न्यूजीलैंड ने भी हराया था. लगातार 2 हार से उसका सपना टूट गया. हालांकि विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम ने फिर लगातार 3 मैच जीते लेकिन सेमीफाइनल में उसके ग्रुप से पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने ही जगह बनाई.



