भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच कल से कानपुर में,तीन स्पिनर्स के साथ उतरेगी टीम इंडिया – RGH NEWS
खेल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच कल से कानपुर में,तीन स्पिनर्स के साथ उतरेगी टीम इंडिया

पहले IPL, फिर वर्ल्ड कप और इसके बाद 3 मैचों की सीरीज के रूप में टी-20 का ओवरडोज लेने वाली टीम इंडिया अब गुरुवार से न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेलने उतरेगी। घरेलू मैदान पर दबदबे भरा इतिहास होने के कारण भारत को जीत के लिए फेवरेट माना जा रहा है, लेकिन आधा दर्जन दिग्गज खिलाड़ियों की गैरहाजिरी में मैच रोमांचक भी हो सकता है। ICC टेस्ट रैंकिंग में न्यूजीलैंड अभी दुनिया की नंबर-1 टीम है। वहीं, टीम इंडिया दूसरे नंबर पर है।

विराट, रोहित सहित 6 अहम खिलाड़ी रेस्ट पर
विराट कोहली ने इस मैच से आराम लिया है। रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को पूरी सीरीज से आराम दिया गया है। वहीं, केएल राहुल मैच से दो दिन पहले चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए। ऐसे में फॉर्म के लिए जूझने वाले अजिंक्य रहाणे को एक बार फिर कप्तानी का कमाल दिखाने का मौका मिल गया है। रहाणे की कप्तानी में भारत ने अब तक 5 टेस्ट मैच खेले हैं और इनमें से 4 में टीम को जीत मिली है। एक मैच ड्रॉ रहा था।

रहाणे को बल्ले से भी जोरदार खेल दिखाना होगा
कप्तान के तौर पर रहाणे का प्रदर्शन भले ही काबिल-ए-तारीफ रहा हो, लेकिन बतौर बल्लेबाज अपने हालिया प्रदर्शन के लिए वे आलोचना झेल रहे हैं। उन्होंने 2021 में 11 टेस्ट मैचों में सिर्फ दो अर्धशतक जमाए हैं। इस दौरान उन्होंने 40.87 के औसत से 372 रन बनाए हैं। विराट कोहली की जगह मिलने के कारण अपना पहला टेस्ट खेल रहे श्रेयस अय्यर पर भी दबाव रहेगा। हालांकि रेड बॉल फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बेहद प्रभावी रहा है।

विलियम्सन की वापसी से न्यूजीलैंड मजबूत
दूसरी ओर कप्तान केन विलियम्सन की वापसी से न्यूजीलैंड की टीम की बल्लेबाजी में मजबूती आना तय है। विलियम्सन ने तीन टी-20 मैचों की सीरीज से आराम लिया था। विलियम्सन ने इस साल 3 टेस्ट मैच खेले हैं और 88.25 की औसत से 353 रन बनाए हैं। इनमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है। हालांकि इस साल न्यूजीलैंड के बेस्ट बल्लेबाज साबित डेवॉन कोनवे के नहीं होने से न्यूजीलैंड को झटका जरूर लगा है। कोनवे ने 2021 में 3 टेस्ट मैचों में 379 रन बनाए हैं। इनमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। औसत 63.16 का रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button