आखिरी गेंद पर पाकिस्तान ने जीता तीसरा टी20,नवाज़ ने आखिरी गेंद पर दिलाई जीत – RGH NEWS
खेल

आखिरी गेंद पर पाकिस्तान ने जीता तीसरा टी20,नवाज़ ने आखिरी गेंद पर दिलाई जीत

ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही पाक ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की.

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया और सलामी बल्लेबाज़ मोहम्मद नईम के 47 रनों की बदौलत 20 ओवर में 124 रन बनाए. इसके जवाब में पाकिस्तान ने अच्छी लेकिन धीमी शुरूआत की. आखिरी तीन गेंदो में पाक को जीत के लिए आठ रनों की दरकार थी, और फिर इफ्तिखार अहमद ने छक्का लगाया, लेकिन अगली गेंद पर वह आउट हो गए. इसके बाद पहले मैच के हीरो मोहम्मद नवाज़ ने चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई.

पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आज़म ने 25 गेंदो में 19 और उनके साथ ओपनर मोहम्मद रिजवान ने 43 गेंदो में 40 रन बनाए. तीन नंबर पर बैटिंग करने आए हैदर अली ने 38 गेंदो में 45 रनों की मैच विनिंग पारी खेली. उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए.

नवाज़ ने आखिरी गेंद पर दिलाई जीत

वहीं पूर्व कप्तान सरफराज अहमद 12 गेंदो में सिर्फ छह रन ही बना सके. इफ्तिखार ने भी एक छक्के की बदौलत छह रन बनाए. वहीं अंत में मोहम्मद नवाज़ और खुशदिल शाह नाबाद लौटे. नवाज ने ही विनिंग शॉट खेला.

 

इससे पहले पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी में मोहम्मद वसीम जूनियर और उस्मान कादिर ने दो-दो विकेट लिए. वहीं शाहनवाज़ दहानी और हारिस रऊफ को एक-एक विकेट मिला.

छोटे लक्ष्य के बावजूद बिखरा पाकिस्तान
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान का पहला विकेट 32 रन गिरा। इसके बाद हैदर अली और रिजवान ने पारी को संभाला और अर्धशतकीय साझेदारी की। वहीं रिजवान के आउट होते ही बाकी बल्लेबाज आउट हो गए और पाकिस्तान मुश्किल में आ गया। हालांकि नवाज ने उन्हें हार से बचा लिया। बांग्लादेश के लिए कप्तान महमुदुल्लाह ने आखिरी ओवर किया और तीन विकेट झटके। उन्हें आखिरी ओवर में आठ रन बचाने थे और उन्होंने पांच गेंदों में छह रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट कर दिया था। हालांकि आखिरी गेंद पर वो चौका खा गए और बांग्लादेश सीरीज का आखिरी मैच भी हार गया।

रिजवान बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद रिजवान को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने तीन मैचों में 90 रन बनाए और विकेट के पीछे दो मैचों में उन्होंने पांच कैच पकड़े और एक स्टंपिंग भी की। वहीं इस मैच में 45 रन बनाने वाले हैदर अली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस सीरीज में बांग्लादेश के कई अहम खिलाड़ी नहीं थे। शाकिब अल हसन, मुश्फिकुर रहीम और तमीम इकबाल जैसे खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में बांग्लादेश के बल्लेबाज किसी भी मैच में रन नहीं बना पाए। वहीं पाकिस्तान की टीम टी-20 वर्ल्डकप से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इस सीरीज में भी कमजोर बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने जीत का सिलसिला जारी रखा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button