सियासत में नया भूचाल,कैबिनेट के सभी मंत्रियों के इस्तीफे, 4 बजे नए मंत्री शपथ लेंगे

कांग्रेस हाईकमान ने गहलोत कैबिनेट के सभी मंत्रियों के इस्तीफे ले लिए हैं। अब रविवार को नए सिरे से मंत्री बनाए जाएंगे। शाम 4 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। इससे पहले दोपहर 2 बजे पीसीसी कार्यालय में सभी विधायकों को बुलाया गया है।
गहलोत से बैठक के दौरान मंत्रियों ने सौंपे इस्तीफे
राजस्थान मंत्रिपरिषद की बैठक शनिवार शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में हुई जिसमें सभी मंत्रियों ने अपने इस्तीफे दे दिए. यह जानकारी राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास (Pratap Singh Khachariyawas) ने मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद दी. इस बैठक के बाद खाचरियावास ने कहा, ‘मंत्रिपरिषद की बैठक मुख्यमंत्री गहलोत की अध्यक्षता में हुई. जिसमें सभी मंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए हैं.’
7 पॉइंट्स में जानिए कैसा हो सकता है नया मंत्रिमंडल…
1. डोटासरा और हरीश की जगह जाट और रघु की जगह ब्राह्मण चेहरे को ही मौका
गोविंद सिंह डोटासरा, हरीश चौधरी और रघु शर्मा की जगह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी। दो जाट और एक ब्राह्मण चेहरे को मौका मिलेगा। डोटासरा और हरीश चौधरी की जगह जाट चेहरों के तौर पर रामलाल जाट, बृजेंद्र सिंह ओला, हेमाराम चौधरी, नरेंद्र बुडानिया के नाम चर्चा में हैं।
निर्दलीय महादेव सिंह खंडेला का नाम भी दावेदारों में है। रघु शर्मा की जगह राजेंद्र पारीक, महेश जोशी, राजुकमार शर्मा दावेदार हैं। हेमाराम, रामलाल जाट और ओला पहले भी गहलोत के साथ मंत्री रह चुके हैं। महेश जोशी गहलोत के शुरू से ही बहुत नजदीक माने जाते हैं और अभी सरकारी मुख्य सचेतक हैं।
2. बसपा से कांग्रेस में आने वालों में गुढ़ा प्रमुख दावेदार, निर्दलीयों में खंडेला
बसपा से कांग्रेस में आने वालों में राजेंद्र सिंह गुढ़ा का नाम प्रमुख हैं। बसपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले छह विधायक ही दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन बाकी पांच को संसदीय सचिव बनाकर या राजनीतिक नियुक्तियां देकर संतुष्ट किया जा सकता है। निर्दलीयों में महादेव सिंह खंडेला और संयम लोढ़ा के नाम चर्चा में हैं। बताया जाता है कि सीएम ने महादेव सिंह खंडेला की पैरवी की है।
3. मास्टर भंवरलाल की जगह दलित वर्ग से मंजू मेघवाल, गोविंद, खिलाड़ी, अशोक बैरवा दावेदार
मास्टर भंवरलाल मेघवाल के निधन के बाद गहलोत सरकार में कोई दलित कैबिनेट मंत्री नहीं है। मास्टर भंवरलाल मेघवाल की जगह मंजू मेघवाल को मंत्री बनाया जा सकता है। दलित वर्ग से खिलाड़ी लाल बैरवा, परसराम मोरदिया, अशोक बैरवा, गोविंद मेघवाल भी दावेदार हैं। अशोक बैरवा गहलोत के पिछले कार्यकाल में मंत्री रह चुके हैं। गोविंद मेघवाल वसुंधरा राजे के पहले कार्यकाल में संसदीय सचिव रह चुके हैं, बाद में वे बीजेपी छोड़ कांग्रेस में आ गए।
4. आदिवासी क्षेत्र से मालवीय, परमार दावेदार
आदिवासी चेहरों के तौर पर दयाराम परमार, महेंद्रजीत मालवीय के नाम दावेदारों में हैं। मालवीय पहले भी मंत्री रह चुके हैं। मालवीय की पत्नी जिला प्रमुख हैं।
5. अल्पसंख्यक वर्ग से जाहिदा, गुर्जर समाज से डॉ. जितेंद्र
अल्पसंख्यक वर्ग से अमीन खान, जाहिदा के नाम प्रमुख दावेदारों में हैं। गुर्जर चेहरों के तौर पर शकुंतला रावत, डॉ. जितेंद्र सिंह और राजेंद्र सिंह बिधूड़ी के नाम चर्चा में हैं। कांग्रेस की अंदरूनी सियासत के लिहाज से गुर्जर चेहरों को मौका मिलने की पूरी संभावना है। नहरी क्षेत्र से गुरमीत सिंह कुनर को मौका मिल सकता है। जाहिदा खान पहले संसदीय सचिव रह चुकी हैं। डॉ. जितेंद्र गहलोत के पिछले कार्यकाल में ऊर्जा मंत्री रह चुके हैं।
6. पायलट कैंप से 4 से 5 मंत्री बनने की संभावना
सचिन पायलट कैंप से 4 से 5 मंत्री बनने की संभावना है। पायलट कैंप से मुरारीलाल मीणा, दीपेंद्र सिंह शेखावत, बृजेंद्र सिंह ओला, हेमाराम चौधरी, रमेश मीणा में से मंत्री बनने की संभावना है।
7. 13 जिलों से कोई मंत्री नहीं, इन जिलों से भी मंत्री बनेंगे
गहलोत सरकार में 13 जिलों से फिलहाल कोई मंत्री नहीं है। उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सिरोही, धौलपुर, टोंक, सवाई माधोपुर और करौली जिलों से अभी एक भी मंत्री नहीं है। इन जिलों से मंत्रिमंडल में जगह दी जानी है।
गहलोत गुट से संभावित मंत्री :
जाहिदा
रामलाल जाट
महेंद्रजीत सिंह मालवीय
शंकुतला रावत
गोविंद मेघवाल/मंजू मेघवाल
खिलाड़ी लाल बैरवा
महेश चौधरी
पायलट गुट के संभावित मंत्री:
हेमाराम चौधरी
बृजेंद्र ओला
रमेश मीणा
मुरारी मीणा
दीपेद्र सिंह शेखावत

