विराट कोहली लगातार तीसरे मैच में प्लेइंग-11 में करेंगे बदलाव

नई दिल्ली. विराट कोहली (Virat Kohli) इस समय फैंस के निशाने पर हैं. टीम इंडिया (Team India) टी20 वर्ल्ड कप में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी है. टूर्नामेंट के (T20 World Cup 2021) पहले मैच में उसे पाकिस्तान से 10 विकेट से जबकि दूसरे मैच में न्यूजीलैंड से 8 विकेट से हार मिली थी. टीम तीसरे मैच में आज अफगानिस्तान से (India vs Afghanistan) भिड़ेगी. टीम इस मैच में भी प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकती है. पहले मैच के बाद दूसरे मैच में 2 दो बदलाव किए गए थे. हालांकि टीम का अब सेमीफाइनल में पहुंचना बेहद कठिन दिख रहा है.
मैच के एक दिन पहले मंगलवार को प्रैक्टिस के दौरान कोच रवि शास्त्री सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के साथ लंबी बातचीत करते दिखे. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ मौका मिल सकता है. पीठ दर्द के कारण वे न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेल सके थे. उनकी जगह उतरे ईशान किशन (Ishan Kishan) फेल रहे थे और सिर्फ 4 रन बना सके थे. सूर्यकुमार यादव ने पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 11 रन बनाए थे
टीम इंडिया के बल्लेबाज पहले 2 मैच में तो फेल रहे ही हैं. गेंदबाज भी अब तक कुछ कमाल नहीं कर सके हैं. 2 मैच में हमारे गेंदबाज सिर्फ 2 विकेट ले सके हैं. दोनों विकेट तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit bumrah) को मिले हैं. पिछले मैच में हार्दिक पंड्या को छठे गेंदबाज के तौर पर आजमाया गया था. उन्होंने 2 ओवर में 17 रन दिए थे. मंगलवार को प्रैक्टिस के दौरान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) गेंदबाजी करते देखे गए. वे आईपीएल में बतौर ऑफ स्पिनर हैट्रिक ले चुके हैं. ऐसे में उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ 7वें गेंदबाज के तौर पर आजमाया जा सकता है.



