मनोरंजन

*✍️युवती को शादी का प्रस्ताव ठुकराना पड़ा महंगा….फेसबुक फ्रेंड ने मोहल्ले में लगाए युवती के पोस्टर…*

RGHNEWS मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रहने वाली एक युवती को शादी का प्रस्ताव ठुकराना महंगा पड़ गया. इस बात से नाराज होकर लड़की के फेसबुक फ्रेंड ने उसे अपनी पत्नी और उसके माता-पिता को अपने सास-ससुर बताने वाले पोस्टर उसी के मोहल्ले में लगवा दिए. परेशान होकर लड़की ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

मामला ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र का है. जहां पीड़िता अपने परिवार के साथ रहती है. जबकि आरोपी युवक राजस्थान का निवासी है. सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि एक युवती ने शिकायत दी है कि उसकी दोस्ती करीब एक साल पहले फेसबुक के ज़रिए राजस्थान के झालावाड़ निवासी एक युवक के साथ हुई थी. फेसबुक पर बातचीत के दौरान दोनों ने मोबाइल नंबर एक दूसरे को दिए.

जिसके बाद दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी. कुछ समय पहले युवक बकायदा अपनी दोस्त से मिलने ग्वालियर आया और उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा.

युवती ने शादी के लिए मना कर दिया. इसके बाद युवक ने लड़की के मोहल्ले में ऐसे पोस्टर लगा दिए, जिसमें उसने लड़की को अपनी पत्नी और उसके माता पिता को अपने सास-ससुर बताया था. साथ ही युवक ने फेसबुक और व्हाट्सएप के अलावा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी इसी तरह की पोस्ट अपलोड और शेयर कर दी. युवती ने जब युवक से इस हरकत के बारे में पूछा तो उसने कहा कि अगर वो इस सब से छुटकारा पाना चाहती है तो उसके एकाउंट में रुपये डाल दे. इसके बाद युवती ने थाने में शिकायत दी.

सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के मुताबिक युवती की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. अब आरोपी की तलाश की जा रही है.

 

 

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button