Bihar news: कोसी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह से मची अफरातफरी, इमरजेंसी खिड़की से कूदे यात्री

Bihar news बिहार की राजधानी पटना के पास रानीपुर रेलवे फाटक के नजदीक शनिवार शाम करीब 4:30 बजे कोसी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18626) में आग लगने की अफवाह फैलने से यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। ट्रेन में आग लगने की सूचना सुनते ही यात्री घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इमरजेंसी गेट से नीचे कूदने लगे। करीब 10 मिनट तक यात्रियों के ट्रेन से उतरने और कूदने का सिलसिला जारी रहा। अचानक मची इस अफरातफरी से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिला और बच्चों समेत इमरजेंसी गेट से कूदे यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में आग लगने की बात फैलते ही कई यात्री बिना पूरी जानकारी लिए इमरजेंसी गेट की ओर दौड़ पड़े। कुछ यात्री जल्दबाजी में नीचे कूदने लगे। इस दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास भी अफरातफरी का माहौल बना रहा। घटना के दौरान यात्रियों को यह समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर ट्रेन में आग लगी है या कोई दूसरी परेशानी हुई है।
RPF की टीम मौके पर पहुंची
इधर, रानीपुर रेलवे फाटक पर ड्यूटी में तैनात रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति की जानकारी मिलते ही तत्काल पटना साहिब स्टेशन के स्टेशन मास्टर को सूचना दी। साथ ही पटना साहिब स्टेशन को भी घटना से अवगत कराया गया। सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सब-इंस्पेक्टर अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
Read more Health And Fitness: सर्दियों में जरूर खाएं ये साग, बीमारियों से रहेंगे कोसों दूर
अफवाह निकली आग की सूचना
RPF सब-इंस्पेक्टर अवनीश कुमार ने बताया कि ट्रेन में आग लगने की सूचना महज अफवाह निकली। ट्रेन में आग लगने की कोई वास्तविक घटना नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि करीब 10 मिनट बाद सभी यात्री सुरक्षित दोबारा ट्रेन में सवार हो गए। इसके बाद कोसी एक्सप्रेस को वहां से रवाना कर दिया गया। पटना साहिब स्टेशन के रेलवे स्टेशन मास्टर ने बताया कि पटना साहिब स्टेशन पर जैसे ही ट्रेन पहुंची ट्रेन को पूरी तरह जांच किया गया जांच में पाया गया की आग लगने की खबर पूरी तरह अफवाह है। जांच के बाद ट्रेन फिर से रवाना हो गई।
सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित
Bihar newsराहत की बात यह रही कि इस अफरातफरी के दौरान सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर रेलवे यात्रा के दौरान अफवाहों से पैदा होने वाले खतरे को उजागर कर दिया। बिना पुष्टि किसी सूचना पर घबराकर ट्रेन से कूदना यात्रियों की जान के लिए जोखिम भरा हो सकता है। रेलवे प्रशासन और सुरक्षाबलों की त्वरित सूचना व्यवस्था से स्थिति स्पष्ट हुई और ट्रेन दोबारा अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकी।