Cg News: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले से 24 तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था रवाना

Cg News : महासमुंद, 27 नवंबर 2026/
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत महासमुंद जिले के 24 तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था आज बोधगया, नालंदा एवं सारनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। इनमें दो शासकीय अनुरक्षक भी शामिल हैं।
महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा एवं जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों को हरी झंडी दिखाकर महासमुंद से रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, सहित जनपद सदस्य, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने तीर्थयात्रियों को मंगलमय, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठजनों एवं श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के निःशुल्क दर्शन का अवसर मिल रहा है। इस योजना के अंतर्गत 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक पांच दिवसीय यात्रा के दौरान तीर्थयात्री बोधगया, नालंदा एवं सारनाथ के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर दर्शन लाभ प्राप्त करेंगे। यात्रा के दौरान शासन-प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों के भोजन, नाश्ता, चिकित्सा, ठहरने, स्थानीय परिवहन एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है।