रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : शहर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव बैराज, कैनाल लिंक रोड और नवीन सड़क निर्माण की प्रगति का लिया जायजा

Raigarh News :  रायगढ़, 26 नवम्बर 2026/ शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव बैराज, कैनाल लिंक रोड तथा गंधरी पुलिया से आरपीएफ पोस्ट तक निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Read More : Chhattisgarh samachar: युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा मौका, छत्तीसगढ़ के इस जिले में कल लगेगा रोजगार मेला, 10वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन

*600 सीटर सर्वसुविधायुक्त नालंदा परिसर का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश*

कलेक्टर ने सबसे पहले नालंदा परिसर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सिविल कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। लगभग 600 विद्यार्थियों की क्षमता वाली सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। इसके पूर्ण होने से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

*मरीन ड्राइव बैराज से नदी में बनी रहेगी जल उपलब्धता*

इसके पश्चात कलेक्टर ने मरीन ड्राइव में निर्माणाधीन बैराज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और इसे निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैराज के निर्माण से नदी में जलस्तर स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी तथा आम नागरिकों को निस्तार के लिए पानी की उपलब्धता बनी रहेगी।

*कैनाल लिंक रोड से शहर के मध्य यातायात का दबाव होगा कम*

कलेक्टर ने नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चांदनी चौक में निर्माणाधीन अंडरपास का जायजा लिया और कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा अधोसंरचना मद से केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव को जोड़ने के लिए इस मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। मार्ग के पूर्ण होने से शहर के मध्य यातायात का दबाव कम होगा तथा सुभाष चौक क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

Read More : Chhattisgarh news: छत्तीसगढ़ में 1 से 12वीं तक की तिमाही और छमाही परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव, जारी हुई संशोधित समय सारणी…..

*रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए मिलेगा वैकल्पिक मार्ग*

इसके बाद कलेक्टर ने गंधरी पुलिया से आरपीएफ पोस्ट के पास तक निर्माणाधीन नवीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस सड़क के बन जाने से रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे सुभाष चौक और गांधी प्रतिमा चौक पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं, ताकि शहरवासियों को इन विकास परियोजनाओं का लाभ जल्द मिल सके। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, संबंधित ठेकेदार एवं सब इंजीनियर उपस्थित थे।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button