बिजनेस

Indian Railway: रेलवे के ग्रुप बुकिंग के नियम में बड़ा बदलाव, हटाई गई बर्थ लिमिट, यहां जानें पूरा प्रोसेस

Indian Railway अगर आप शादी, तीर्थयात्रा, या किसी दूसरे काम के लिए बड़ी संख्या में लोगों के साथ ट्रेन से सफर करने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब ऐसे ग्रुप के लिए ट्रेन की टिकट बुक कराना पहले से आसान हो सकता है. दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway) ने बल्क और ग्रुप रिजर्वेशन के नियमों में बदलाव किया है. नए नियमों के तहत ग्रुप बुकिंग में एक साथ रिजर्व कराई जाने वाली बर्थ की संख्या पर लगी तय लीमिट हटा दी गई है. यानी अब बड़े ग्रुप भी अपनी जरूरत के मुताबिक एक साथ टिकट बुक कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे. हालांकि, इसके लिए रेलवे की तय प्रोसेस और जरूरी शर्तों का पालन करना होगा.

 

रेलवे ने बदले ग्रुप बुकिंग के नियम, हटाई गई बर्थ लिमिट, जान लें पूरा प्रोसेस

दक्षिण पश्चिम रेलवे ने बल्क और ग्रुप टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव करते हुए एक साथ बुक की जाने वाली बर्थ की अधिकतम सीमा हटा दी है.

 

अब ग्रुप बुकिंग में बर्थ की संख्या की तय लीमिट नहीं

दक्षिण पश्चिम रेलवे के नए नियमों में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब ग्रुप रिजर्वेशन के लिए बर्थ की कोई अधिकतम संख्या तय नहीं की गई है. पहले बल्क बुकिंग में यात्रियों की संख्या के हिसाब से अलग-अलग अधिकारियों को अनुमति देने का अधिकार था. अब चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर (CRS) और स्टेशन मैनेजर (SM) को ग्रुप बुकिंग मंजूर करने का अधिकार दिया गया है. वे आवेदन और यात्रा की जरूरत को देखते हुए अनुमति दे सकेंगे.

 

यह सुविधा ट्रेन की सभी क्लास में उपलब्ध होगी. इसके तहत कन्फर्म, RAC और वेटिंग लिस्ट वाले टिकटों के लिए भी ग्रुप बुकिंग की अनुमति दी जा सकती है. हालांकि, बर्थ की संख्या पर लीमिट हटने का मतलब यह नहीं है कि हर आवेदन अपने आप मंजूर हो जाएगा. रेलवे अधिकारी आवेदन की जांच के बाद ही फैसला लेंगे.

 

 

किन लोगों को मिलेगा फायदा?

रेलवे ने यह बदलाव उन लोगों को ध्यान में रखकर किया है, जिन्हें किसी खास उद्देश्य से एक साथ यात्रा करनी होती है. इसमें शादी या बारात में शामिल होने वाले परिवार और रिश्तेदार, तीर्थयात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु, स्कूल-कॉलेज के छात्र, खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाली टीमें और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जाने वाले ग्रुप शामिल हैं.

 

इस सुविधा का मकसद वास्तविक जरूरत वाले यात्रियों को एक साथ सफर करने में मदद देना है. रेलवे ने साफ किया है कि इसका इस्तेमाल सीट या बर्थ जमा करने के लिए नहीं किया जा सकता. यानी कोई व्यक्ति निजी फायदे के लिए बड़ी संख्या में टिकट बुक कराने की कोशिश करता है, तो उसे इस सुविधा का फायदा नहीं मिलेगा.

 

जानें कहां जमा करना है फॉर्म?

दक्षिण पश्चिम रेलवे के प्रमुख रिजर्वेशन सेंटर पर ग्रुप बुकिंग के आवेदन सुबह 9 बजे से स्वीकार किए जाएंगे. यह सामान्य यात्रियों के लिए एडवांस रिजर्वेशन शुरू होने के एक घंटे बाद का समय है. इससे ग्रुप बुकिंग के लिए अलग व्यवस्था रहेगी और सामान्य टिकट बुकिंग के समय होने वाली भीड़ से बचने में मदद मिल सकती है.

 

Read more Chhattisgarh news today: छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में बड़ा एक्शन; दुबई में गिरफ्तार विकास अग्रवाल, भारत लाने की तैयारी तेज

इसके लिए आवेदक को संबंधित रेलवे अधिकारी के पास सीधे आवेदन जमा करना होगा. सामान्य तौर पर ट्रैवल एजेंट के जरिए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. हालांकि, विदेशी पर्यटकों और NRI के लिए पहले से लागू नियमों के तहत अपवाद रहेगा. वापसी यात्रा के लिए भी उसी रिजर्वेशन ऑफिस में आवेदन किया जा सकता है, लेकिन रेलवे उसे अलग बुकिंग मानेगा.

 

टिकट बुकिंग के लिए देनी होंगी ये जानकारियां

ग्रुप रिजर्वेशन के लिए आवेदन करते समय यात्रा का उद्देश्य साफ-साफ बताना जरूरी होगा. साथ ही ग्रुप में शामिल हर यात्री की पूरी जानकारी देनी होगी. इसमें नाम, उम्र, जेंडर, पता और यात्रा का कारण शामिल है. अगर आवेदन में ये जानकारियां नहीं दी जाती हैं या यात्रा का कोई खास उद्देश्य नहीं होता, तो रेलवे अनुमति देने से इनकार कर सकता है.

 

Indian Railwayरेलवे अधिकारियों को मंजूर की गई सभी ग्रुप बुकिंग का अलग रिकॉर्ड भी रखना होगा. इसके लिए आवेदन और यात्रियों की लिस्ट के हर पन्ने पर अधिकारी के साइन और मुहर लगाई जाएगी. इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि सुविधा का इस्तेमाल वास्तविक ग्रुप यात्रा के लिए ही हो और कोई इसका गलत फायदा न उठा सके.

 

ध्यान दें कि ये नए नियम दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन के तहत लागू किए गए हैं. इन्हें पूरे भारतीय रेलवे में लागू नियम समझने की गलती न करें. टिकट बुकिंग से पहले अपने संबंधित रेलवे स्टेशन या रिजर्वेशन ऑफिस से प्रक्रिया की जानकारी जरूर ले लें.

ख़बर शेयर करें:

Back to top button