देश

Bihar Road Accident: भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो के नदी में गिरने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत

Bihar Road Accident: बिहार के अररिया जिले  में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क (Road Accident) हादसे में स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अररिया-सिकटी मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास हुआ। यहां तेज मोड़ पर बेकाबू हुई स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त गाड़ी में सात लोग सवार थे। सभी सुपौल जिले के थुमहा गांव के रहने वाले थे और एक तिलक समारोह से लौट रहे थे।

 

तीखे मोड़ पर बिगड़ा गाड़ी का संतुलन

जानकारी के मुताबिक, सुपौल जिले के पीपरा क्षेत्र स्थित थुमहा गांव के कुछ लोग सिकटी के भपटीया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि सभी लड़की पक्ष की ओर से समारोह में पहुंचे थे। बुधवार देर रात घर लौटते समय बीड़ी पुल के पास एक तीखे मोड़ पर चालक स्कॉर्पियो से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते गाड़ी पुल की रेलिंग तोड़कर सीधे नदी में जा गिरी।

 

ग्रामीणों ने रस्सी से बांधकर निकाली स्कॉर्पियो

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नदी में गाड़ी गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से नदी में डूबी स्कॉर्पियो को बांधा। इसके बाद जेसीबी की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

मृतकों में चार नाबालिग, गांव में पसरा मातम

इस हादसे (Bihar Road Accident) में जान गंवाने वालों की पहचान थुमहा गांव निवासी कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), यश कुमार (16), आर्यन (15) और सौरभ (15) के रूप में हुई है। मृतकों में चार नाबालिग शामिल हैं। एक साथ छह लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। जिस घर में कुछ देर पहले समारोह की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम है।

 

 

ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price Today: इन राज्यों में बढ़े पेट्रोल-डीजल के रेट, CNG की कीमत में भी 3 रुपए की वृद्धि, जानिए आज का रेट

 

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

Bihar Road Accidentघटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button