Raigarh News : वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत तीसरे दिन अग्रसेन भवन में जनचौपाल-संवाद कार्यक्रम हुआ

Raigarh News : *रायगढ़। लोकतंत्र में जनता की आवाज तभी प्रभावी होती है, जब उसके मताधिकार की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से रक्षा हो। इसी महत्वपूर्ण विषय को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ द्वारा संचालित *वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान* के अंतर्गत मंडल स्तरीय जनचौपाल-संवाद कार्यक्रमों का सिलसिला लगातार जारी है। अभियान के तीसरे दिन मुख्य शहर ब्लॉक के मंडल क्रमांक-3 अंतर्गत गांधी चौक रायगढ़ स्थित अग्रसेन भवन में जनचौपाल-संवाद का आयोजन किया गया। वरिष्ठ कांग्रेसी एवं मंडल प्रभारी संतोष राय तथा मंडल अध्यक्ष तरुण गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव सहित कांग्रेसजनों ने सहभागिता करते हुए आम नागरिकों के साथ मताधिकार की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

जनचौपाल को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट केवल एक मतपत्र पर लगने वाला निशान देश की राजनीतिक दिशा तय करने की सबसे बड़ी संवैधानिक शक्ति है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ियों के कारण किसी वास्तविक मतदाता का नाम गायब हो जाए, पात्र नागरिक मतदान से वंचित रह जाए या संदिग्ध प्रविष्टियों के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठें, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान इन्हीं सवालों को जनता के बीच ले जाने और प्रत्येक मतदाता को जागरूक करने का प्रयास है। अब समय आ गया है कि लोग अपने वोट के प्रति उतने ही सजग रहें, जितने अपने अन्य अधिकारों के प्रति रहते हैं। हर मतदाता अपने परिवार और आसपास के लोगों के नाम मतदाता सूची में जांचे तथा किसी भी विसंगति पर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराए।
वरिष्ठ कांग्रेसी एवं मंडल प्रभारी संतोष राय ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया पर जनता का विश्वास कायम रहना बेहद जरूरी है। मतदाता सूची तैयार करने और उसमें संशोधन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटता है या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनचौपाल का उद्देश्य ही आम लोगों को उनके अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े जरूरी तथ्यों की जानकारी देना है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने मतदान के अधिकार से वंचित न हो।
वरिष्ठ कांग्रेसी एवं पूर्व वस्त्र निगम अध्यक्ष जगदीश मेहर ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार की तानाशाही रवैया और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग चरम सीमा पार कर रही है ऐसा निरंकुश शासन हमने पहले कभी नहीं देखा है लोकतंत्र को तानाशाही के दम पर कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। मतदान का अधिकार भारतीय लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक ताकत है। इस अधिकार की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े हर जिम्मेदार व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सीधे आम नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित कर सकती है। आज जरूरत है कि जनता जागरूक होकर अपने मताधिकार की निगरानी करे और मतदाता सूची में होने वाली प्रत्येक गड़बड़ी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के माध्यम से कांग्रेस आम लोगों को यह समझाने का प्रयास कर रही है कि उनका एक-एक वोट कितना कीमती है और उसकी सुरक्षा के लिए सजग रहना क्यों आवश्यक है। लोकतंत्र में जनता की आवाज तभी सुरक्षित रह सकती है, जब उसका वोट सुरक्षित हो।
मंडल अध्यक्ष तरुण गोयल ने कहा कि वोट की कीमत चुनाव के दिन ही नहीं, उससे पहले भी समझना जरूरी है। मतदाता सूची में नाम दर्ज है या नहीं, नाम और पता सही है या नहीं, परिवार के नए पात्र सदस्यों का पंजीयन हुआ है या नहीं, इन सभी बातों की समय रहते जांच करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनचौपाल के माध्यम से कांग्रेस आम जनता को इस दिशा में जागरूक कर रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में नाम विलोपन, दोहरी प्रविष्टियों, नए मतदाताओं के पंजीयन, संशोधन तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित शिकायतों और प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की विसंगति सामने आने पर उसे नजरअंदाज करने के बजाय निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति दर्ज करानी चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी का यह मंडल स्तरीय जनचौपाल-संवाद अभियान लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित कर रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता अनिवार्य है। इसी संदेश के साथ अभियान के आगामी कार्यक्रमों में भी जनभागीदारी बढ़ाने और प्रत्येक मतदाता को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास जारी रहेगा।