assam Road Accident: असम में भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में 23 लोगों की दर्दनाक मौत

assam Road Accident असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 23 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। गोलाघाट जिले के जिला आयुक्त (डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर) बिस्वजीत फुकन ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुई। एक यात्री मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे पर सीएम हिमंत ने जताया दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दुर्घटना दुख जताया। उन्होंने कहा, “आज काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है। इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं। दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिले। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं।”
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है। पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और बस से शवों को बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि, बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है।
मंत्री अतुल बोरा मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। वह राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
गोलाघाट एसएसपी स्वप्ननील डेका के अनुसार, मिनी बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी और राष्ट्रीय उद्यान के आस-पास लागू गति संबंधी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रही थी। शुरुआती आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस कंटेनर ट्रक से टकरा गई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सागर में कार ट्रक से टकराई, 4 की लोगों मौत
assam Road Accidentएक अन्य खबर में, मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक और SUV की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में SUV सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग भैंसा गांव के निवासी थे और अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए बर्मन जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि SUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए गाड़ी काटनी पड़ी।