Chhatisgarh Samachar : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पाती पाकर खिल उठा अनीता गुप्ता का चेहरा, महतारी वंदन की राशि से मनाएंगी दीपावली

Chhatisgarh Samachar : एमसीबी/05 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से डाक के माध्यम से भेजी गई विशेष पाती मनेन्द्रगढ़ विकासखंड के ग्राम आमाखेरवा निवासी श्रीमती अनीता गुप्ता के लिए खुशियों का संदेश लेकर आई है। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें व्यक्तिगत शुभकामना पत्र भेजकर महतारी वंदन योजना की राशि से छोटी दुकान शुरू करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाए गए उनके कदम की सराहना की है। मुख्यमंत्री की पाती और दीपावली से पहले योजना की 33वीं किस्त मिलने से अनीता की खुशियां दोगुनी हो गई हैं। उन्होंने इस बार महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि से दीपावली का त्योहार मनाने की बात कही है।
मुख्यमंत्री ने पाती में की अनीता के प्रयासों की सराहना
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने पत्र में अनीता गुप्ता को प्रिय बहन संबोधित करते हुए उन्हें एवं उनके परिवार को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता का सदुपयोग कर छोटी दुकान शुरू करने के उनके प्रयास की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी दुकान के माध्यम से अनीता ने आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उन्होंने उनके व्यवसाय की निरंतर प्रगति और परिवार के सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की है।
मुख्यमंत्री की पाती पाकर अनीता ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत शुभकामना संदेश मिलने पर अनीता गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके छोटे से प्रयास को मुख्यमंत्री द्वारा सराहा जाना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता से उन्हें अपनी छोटी दुकान शुरू करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। नियमित आर्थिक सहयोग से घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।