Chhatisgarh News : वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Chhatisgarh News : रायपुर, 02 नवंबर 2026
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 में छत्तीसगढ़ अपनी ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों और निवेश संभावनाओं के साथ भागीदारी कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचकर छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन करेंगे। पवेलियन में राज्य की ऊर्जा क्षमता, ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं, भावी योजनाओं और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री समिट में शामिल होने आए देश-विदेश के निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद आयोजित मुख्यमंत्रियों एवं केंद्रीय मंत्रियों की राउंड टेबल चर्चा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ का ऊर्जा विजन, राज्य में ऊर्जा क्षेत्र के विकास की संभावनाएं और निवेश के अवसर प्रस्तुत करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित इस वैश्विक समिट में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। 2 से 5 नवंबर तक आयोजित इस आयोजन में विभिन्न राज्यों ने अपने पवेलियन और प्रदर्शनियां स्थापित की हैं। इनके माध्यम से राज्य अपनी ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों, परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री भी विभिन्न राज्यों के पवेलियनों का अवलोकन करेंगे।
छत्तीसगढ़ इस समिट के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों के समक्ष राज्य की ऊर्जा क्षमता, ग्रीन एनर्जी के लक्ष्य और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाओं को सामने रख रहा है।