देश

SIR: SIR के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

 

SIR मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को दिल्ली में एक बार फिर कई किसान, छात्र और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि चुनाव आयोग तक मार्च निकालने जा रहे हैं। यह मार्च दोपहर एक बजे प्रस्तावित है। इसमें SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध जताया जाएगा। इस मार्च में आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, किसान नेता राकेश टिकैत और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। संयुक्त किसान मोर्चा, आइसा और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने भी मार्च में हिस्सा लेने की घोषणा की है। इसके अलावा महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी भी इस विरोध मार्च में शामिल होंगे।

 

 

कहां से निकलेगा मार्च?

 

शुक्रवार को प्रस्तावित मार्च के लिए प्रदर्शनकारी गुरुद्वारा बंगला साहिब पर एकत्र होंगे। यहां से मार्च गोल डाकखाना और गोल मार्केट होते हुए चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाएगा। इस प्रदर्शन में वामपंथी संगठनों, छात्र संगठनों, किसान संगठनों और विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी है। मार्च के जरिए प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाएंगे। प्रदर्शन को देखते हुए संबंधित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

 

राष्ट्रपति को सौंपेंगे ज्ञापन

 

इस मार्च में सिविल सोसाइटी के साथ छात्र और किसान संगठन भी हिस्सा लेंगे। आयोजकों का दावा है कि 300 से अधिक संगठनों ने मार्च को समर्थन दिया है। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपने की योजना है। इसमें एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने, हटाए गए 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम बहाल करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। प्रदर्शनकारी इन मांगों के माध्यम से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराना चाहते हैं।

 

निर्मला सीतारमण के पति परकला प्रभाकर भी मार्च में होंगे शामिल

 

SIRमुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को प्रस्तावित मार्च में कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इसमें आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी और किसान नेता राकेश टिकैत के साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति परकला प्रभाकर भी शामिल होंगे। मार्च के लिए जारी पोस्टर में अभिजीत दीपके और आइशी घोष के नाम भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारी एसआईआर में कथित अनियमितताओं का विरोध करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाएंगे

ख़बर शेयर करें:

Back to top button