Raigarh News : छत्तीसगढ़ से दिल्ली तक बड़ा जिम्मा: IPS संतोष सिंह के हाथों दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा, 271 स्टेशनों और लाखों यात्रियों की कमान
CISF में DIG बनाए गए 2011 बैच के अधिकारी; 271 स्टेशनों और रोजाना लाखों यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा

Raigarh News : RGH NEWS @PRASHANT TIWARI रायपुर। छत्तीसगढ़ की मैदानी पुलिसिंग से लेकर देश की राजधानी की हाई-प्रोफाइल सुरक्षा तक… 2011 बैच के IPS अधिकारी संतोष सिंह ने एक और बड़ी जिम्मेदारी संभाल ली है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत संतोष सिंह को अब दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था की कमान सौंपी गई है। उन्हें CISF में DIG के रूप में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की सुरक्षा का दायित्व मिला है।

देश की राजधानी की ‘लाइफलाइन’ कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा बेहद चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी है। 271 स्टेशनों के विशाल नेटवर्क में हर दिन लाखों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा, स्टेशनों की निगरानी और महत्वपूर्ण मेट्रो परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना संतोष सिंह की नई जिम्मेदारी होगी।
एक दिन में 82.45 लाख यात्रियों का रिकॉर्ड, इतनी बड़ी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे
दिल्ली मेट्रो दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों को राजधानी से जोड़ती है। यह नेटवर्क लगातार बढ़ रहा है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग मेट्रो पर निर्भर हैं।
17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो ने एक ही दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही का रिकॉर्ड दर्ज किया था। इतने बड़े यात्री नेटवर्क की सुरक्षा व्यवस्था की कमान अब संतोष सिंह के हाथों में होगी। लिहाजा उनकी नई पोस्टिंग को सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में SP/SSP रहे, 11 जिलों में किया काम
संतोष सिंह के पास छत्तीसगढ़ में मैदानी पुलिसिंग का लंबा और व्यापक अनुभव है। वे प्रदेश के नौ जिलों में SP/SSP की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
उन्होंने रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में SP/SSP के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा सुकमा में ASP और दुर्ग में CSP के रूप में भी काम किया है।
यानी छत्तीसगढ़ के मैदानी इलाकों से लेकर औद्योगिक क्षेत्रों, आदिवासी अंचलों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तक पुलिसिंग का अनुभव उनके खाते में है।
रायगढ़ समेत कई जिलों में अलग पहचान बनाई
संतोष सिंह को उनकी परिपक्व, संवेदनशील और जन-केंद्रित पुलिसिंग के लिए जाना जाता है। अलग-अलग जिलों में पदस्थापना के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था के साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद पर भी जोर दिया।
सामुदायिक पुलिसिंग के प्रयोगों के चलते भी वे चर्चा में रहे। उनकी कार्यशैली में सख्ती के साथ संवेदनशीलता और प्रशासनिक निर्णयों में व्यावहारिक दृष्टिकोण को खासा महत्व दिया जाता रहा है।
हैदराबाद में रणनीतिक प्रतिष्ठानों और बंदरगाहों की सुरक्षा का अनुभव
दिल्ली मेट्रो की जिम्मेदारी से पहले संतोष सिंह हैदराबाद में DIG South Zone-2 के रूप में तैनात थे। इस जिम्मेदारी के तहत वे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों तथा पूर्वी तट के महत्वपूर्ण बंदरगाहों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े रहे।
रणनीतिक संस्थानों की सुरक्षा से लेकर बड़े पैमाने पर यात्रियों की सुरक्षा तक का अनुभव अब दिल्ली मेट्रो में उनके लिए अहम साबित होगा।
मैदानी पुलिसिंग से राजधानी की हाई-प्रोफाइल सुरक्षा तक का सफर
संतोष सिंह की नई जिम्मेदारी को उनके पुलिस करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में कानून-व्यवस्था और सामुदायिक पुलिसिंग का अनुभव, रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का दायित्व और अब दिल्ली मेट्रो जैसे विशाल परिवहन नेटवर्क की सुरक्षा—उनके करियर में जिम्मेदारियों के लगातार बढ़ते दायरे को दर्शाता है।

Read More : Cg News : 31 दिसम्बर 2026 तक बढ़ी मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि
अब चुनौती 271 स्टेशनों, लाखों यात्रियों और देश की राजधानी की सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित रखने की है। इस बड़ी जिम्मेदारी के साथ छत्तीसगढ़ के IPS संतोष सिंह की नई पारी दिल्ली में शुरू हो गई है।