Balrampur News: आंधी बारिश ने मचाई तबाही, मां-बेटे सहित 9 लोगों की मौत

Balrampur News उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में पिछले तीन दिनों में हुई अत्यधिक बारिश और तेज आंधी ने भारी नुकसान किया है। पिछले 24 घंटे के भीतर बारिश और आंधी से संबंधित घटनाओं में मां-बेटे सहित नौ लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
हजारों पेड़ टूटकर गिरे, फसलें प्रभावित
अधिकारियों ने बताया कि जिले में हजारों की संख्या में पेड़ टूटकर गिर गए हैं। वहीं, धान और गन्ने की फसल भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। बारिश और तेज आंधी से किसानों को काफी नुकसान हुआ है।
500 से अधिक बिजली के खंभे गिरे
जिले के अलग-अलग इलाकों में 500 से अधिक बिजली के खंभे टूटकर गिर गए हैं। इसके कारण पिछले 48 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। बिजली व्यवस्था को सामान्य करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने कर्मचारियों की छुट्टी की निरस्त
जिला प्रशासन ने आपदा को देखते हुए सभी कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
जिलाधिकारी विपिन जैन ने रविवार को बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों में जिला प्रशासन लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि फसलों के नुकसान के आकलन के लिए राजस्व टीम गठित की गई है।
व्यवस्था सामान्य करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास
Balrampur Newsजिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में विगत 48 से 72 घंटे के दौरान हुई अत्यधिक बारिश के दृष्टिगत राहत कार्यों की समीक्षा की गई है।