मनोरंजन

Love Lottery Trailer Launch: अक्षय ओबेरॉय की फिल्म ‘लव लॉटरी’ का टीजर हुआ रिलीज, पुरुष अधिकारों के सवालों के बीच सस्पेंस की झलक

Love Lottery Trailer Launch आगामी हिंदी फिल्म ‘लव लॉटरी’ का ट्रेलर दिल्ली में आयोजित एक खास प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म के मुख्य कलाकार अक्षय ओबेरॉय, विजयंत कोहली और अग्नि अग्यारी के साथ निर्देशक अरविंद पांडे और निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ मौजूद रहे। ट्रेलर लॉन्च के दौरान ऐसे कुछ परिवारों को भी आमंत्रित किया गया, जिन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर महिला-केंद्रित कानूनों के कथित दुरुपयोग से प्रभावित होने की बात कही।

 

आधुनिक रिश्तों के पीछे छिपे धोखे की कहानी

सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘लव लॉटरी’ प्यार, शादी, रिश्तों में बढ़ती दूरी, विश्वासघात और पुरुष अधिकारों जैसे मुद्दों को सस्पेंस और सामाजिक कहानी के अंदाज में पेश करती है। करीब 2 मिनट 10 सेकंड का ट्रेलर शुरुआत से ही कई सवाल खड़े करता है। इसमें आधुनिक रिश्तों की चमक के पीछे छिपे बनावटीपन और खोखलेपन को दिखाया गया है। प्यार में धोखा, शादी, तलाक और पैसों के लिए रिश्ते बनाने जैसे पहलू कहानी को और रहस्यमय बनाते हैं।

 

तीखे संवाद बढ़ाते हैं कहानी का तनाव

ट्रेलर में कई ऐसे संवाद सुनने को मिलते हैं, जो रिश्तों और व्यक्तिगत अधिकारों को लेकर फिल्म के नजरिए की झलक देते हैं। इनमें एक संवाद, “एक औरत सिर्फ़ दो लोगों की सगी हो सकती है, एक अपनी औलाद की और एक खुद की”, खासा ध्यान खींचता है। ट्रेलर में भावनात्मक टकराव के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप और तनाव भी देखने को मिलता है, जिससे कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती है।

 

अक्षय ओबेरॉय के किरदार के जरिए उठेंगे कई सवाल

फिल्म में अक्षय ओबेरॉय मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके किरदार के जरिए रिश्तों में भरोसे, धोखे और पुरुष अधिकारों से जुड़े सवालों को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। वहीं हेली दारूवाला समेत बाकी कलाकार कहानी में अलग-अलग परतें जोड़ते नजर आते हैं। ट्रेलर कई सवालों के साथ खत्म होता है रिश्तों में आखिर सच क्या है? धोखा किसने दिया? सही कौन है और गलत कौन? और सबसे बड़ा सवाल, इस ‘लव लॉटरी’ का असली खेल क्या है?

 

निर्देशक और निर्माता ने बताई फिल्म की सोच

निर्देशक अरविंद पांडे के मुताबिक, ‘लव लॉटरी’ सिर्फ रिश्तों की कहानी नहीं है, बल्कि यह उन सवालों को सामने लाने की कोशिश है जिनसे आज के समय में कई लोग जूझ रहे हैं। फिल्म में सस्पेंस और इमोशन के साथ रिश्तों और कानूनी विवादों के अलग-अलग पहलुओं को पेश करने का प्रयास किया गया है।

 

निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ ने कहा कि फिल्म रिश्तों की जटिलता, कानूनी विवाद, भावनात्मक टकराव और पुरुष अधिकारों से जुड़े सवालों को सस्पेंस के साथ सामने लाती है। उनके मुताबिक, फिल्म दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ कई बड़े सवाल भी उठाएगी, जिनके जवाब कहानी आगे बढ़ने के साथ सामने आएंगे।

 

स्टारकास्ट और तकनीकी टीम

Love Lottery Trailer Launchसिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ ने किया है, जबकि निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है। फिल्म की कहानी और पटकथा अंकुर खत्री ने लिखी है। अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला के अलावा कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा, अग्नि अग्यारी, कुमार सौरभ, अश्वंत लोधी और अर्शदीप संधू अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी नवीन वी. मिश्रा ने संभाली है। संगीत वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे ने दिया है, जबकि संपादन प्रकाश झा ने किया है। ‘लव लॉटरी’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button