*✍️भाजपा नेता ओपी चौधरी के बयान पर कांग्रेस नेता दिलीप पाण्डेय ने किया पलटवार…..!!!*

RGHNEWS प्रशांत तिवारी खरसिया। कल खरसिया में विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता ओपी चौधरी ने अपने वक्तव्य में खरसिया में शिक्षा के क्षेत्र में कोई विकास नहीं होने का आरोप लगाया। जिस पर आज कांग्रेस नेता दिलीप पाण्डेय ने पलटवार करते हुए विज्ञप्ति जारी किया है। अपने द्वारा जारी विज्ञप्ति में उन्होंने ओपी चौधरी को सच्चाई का आईना दिखाते हुए कहा –
“प्रदेश में खरसिया विधानसभा एक ऐसा विधानसभा है जहां *नवोदय विद्यालय, एकलव्य स्कूल, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल ये तीनों सन्चालित हैं। ऐसा संयोग कहीं और देखने को नहीं मिलेगा।* नवोदय विद्यालय से निकले छात्र- छात्राएं आज देश-विदेश के बहुराष्ट्रीय कंपनियों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। साथ ही कई छात्र-छात्राएं प्रशासनिक सेवा में कार्यरत हैं। 2014-15 के पास आउट छात्रों में से लगभग 8 छात्रों ने एमबीबीएस बनकर डाक्टरी की पढ़ाई पूरी कर ली है। जिले के नवयुवकों को देश-विदेश में नाम कमाने का अवसर इस व्यवस्था ने दिया है। इन सबका श्रेय यदि किसी को जाता है तो वो हैं शहीद नंदकुमार पटेल और उनकी प्रगतिवादी सोच एवं शिक्षा के प्रति लगाव। आज खरसिया विधानसभा और रायगढ़ जिले के छात्र-छात्राएं आईआईटी व एनआईटी में पढ़कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जिले में प्रारम्भ करने का श्रेय यदि किसी को दिया जाएगा तो निःसन्देह वो शख्सियत शहीद नंदकुमार पटेल ही हैं, साहब।
शहीद नंदकुमार पटेल ही वो व्यक्ति हैं जिन्होंने प्राथमिक स्कूल, माध्यमिक स्कूल, हाईस्कूल व हायर सेकंडरी स्कूल का पूरे क्षेत्र में जाल फैलाया है। जिन स्कूलों व भवनों को उन्होंने बनवाया था आपकी सरकार 15 साल तक उनकी मरम्मत तक नहीं कर पाई। चौधरी साहब, आपने कहा उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल जी ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में कुछ नहीं किया। आपको बता दें साहब, ढाई साल में डेढ़ साल तो कोरोना खा गई और *एक साल में उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल जी ने जिले को शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय की बहुत बड़ी सौगात दिया*, साइंस सेंटर की सौगात दी, खरसियां ब्लॉक के जोबी और पुसौर ब्लाक के पुसौर में महाविद्यालय भवन निर्माण में आए तमाम अवरोधों को दूर कर भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। आज द्रुत गति से महाविद्यालय भवनों का निर्माण प्रारम्भ हो चुका है। पिछले 10 साल में भाजपा सरकार ने इन महाविद्यालयों को भवन तक नहीं दिया तथा विभिन्न स्कूलों के जीर्ण – शीर्ण भवनों की मरम्मत तक नहीं करा सकी। इन भवनों के पुनर्निर्माण की स्वीकृति मंत्री उमेश पटेल ने दिलाई है। मंत्री उमेश पटेल ने खरसिया विधानसभा क्षेत्र के *ग्राम चपले और कुसमुरा में 2 नवीन महाविद्यालयों की सौगात* ग्रामीण क्षेत्र के छात्र -छात्राओं को दी है और आप कहते हैं उमेश पटेल ने ढाई साल में कुछ नहीं किया।
आपने चुनावी भ्रमण के दौरान गांव – गांव में बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य के दीप जगह – जगह जलते हुए देखा हैं इसे कैसे आप अनदेखा कर सकते हैं साहब ? जब आप प्रशासनिक सेवा में थे तब आपके गांव से गुजरी सड़कें, नहर के पुल व पुलिया तो आपने आते – जाते देखे ही होंगे। यह भी तो नंदू भैया के विशाल ग्रामीण विकास के विजन का ही परिणाम है। ढाई साल पूर्व आप की भाजपा सरकार 15 साल प्रदेश में रही उसने कितना विकास किया और कितना विकास में रोड़ा अटकाया यह तो आप भलिभांती जानते हैं साहब। साहब आपने कल विरोध करना अपना धर्म बताया और कहा की हम राजनीति कर रहे हैं। विरोधी दल होने के नाते विरोध करना हमारा काम है। साहब, आपको लगता है 25 साल तक इंतजार करना होगा, करेंगे और विरोध करते रहेंगे। यह आंकलन आपका सही हो सकता है साहब। जहां विकास हर गांव, हर गली कूचे में, हर घर में दिखता हो वहां इंतजार की घड़ी तो लंबी होगी ही ना साहब? ये तो केवल शिक्षा के क्षेत्र का रहा । आप चाहें तो अन्य क्षेत्रों में भी अनेक उपलब्धियाँ गिना सकता हूं साहब।”
अंत में दिलीप पाण्डेय ने एक छोटी सी शायरी कहकर बहुत कुछ कह दिया :- *“एक आईना कुछ ऐसा बना दे जो चेहरा नहीं नीयत दिखा दे।”*



