Raigarh News : कोतरारोड में मामूली कहासुनी के बाद पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग, आरोपी पर हत्या का प्रयास का अपराध दर्ज

Raigarh News : *रायगढ़, 30 अगस्त 2026* । कल रात कोतरारोड थाना क्षेत्र में रिलायंस मार्ट के सामने सड़क पर पानी के छींटे पड़ने की बात को लेकर दो व्यक्तियों के बीच हुई मामूली कहासुनी उस समय गंभीर हो गई, जब एक व्यक्ति ने पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायर कर दिया। हालांकि घटनास्थल से मिले हथियार की जांच आर्म्स एक्सपर्ट से कराने पर उसके एयरगन पिस्टल होने की पुष्टि हुई है। मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपित हत्या का प्रयास का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रामबाग कोतरारोड निवासी खुशहाल अग्रवाल पिता अरूण अग्रवाल, उम्र 26 वर्ष ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि वह कोतरारोड के पास पोहेवाला कैफे संचालित करता है। 29 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे वह घर से पैदल कोल्ड ड्रिंक लेने निकला था। रिलायंस मार्ट के सामने मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BC 6711 से जा रहे व्यक्ति ने उसके ऊपर सड़क का पानी छिटका दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई।
प्रार्थी के मुताबिक, वाहन चालक वापस आया और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने हाथापाई की तथा अपने पास रखे पिस्टलनुमा हथियार से खुशहाल के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर किया। खुशहाल नीचे बैठ गया, जिससे फायर की चपेट में आने से बच गया। इसके बाद आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
*आर्म्स एक्सपर्ट की जांच में एयरगन पिस्टल निकला हथियार*
घटना के बाद पुलिस ने मौके से मिले पिस्टलनुमा हथियार को आर्म्स एक्सपर्ट से परीक्षण कराया। जांच में यह एयरगन पिस्टल पाया गया, जिसमें सामान्य गोली के स्थान पर छर्रे का इस्तेमाल होता है। इस प्रकार की एयरगन/एयर पिस्टल बाजार में पक्षियों आदि को मारने के लिए उपलब्ध होती हैं और इनके सामान्य उपयोग के लिए लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती।
मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपी की पहचान, तलाश जारी पुलिस ने घटनास्थल, मोटरसाइकिल के दस्तावेज और गवाहों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान हर्षवरन सिंह गोतरा पिता सुरेन्द्र मोहन सिंह, उम्र 44 वर्ष, निवासी जालंधर पंजाब, वर्तमान पता ग्राम तेंदूडिपा, कलमी, रायगढ़ के रूप में की है। आरोपी घटना के बाद से फरार है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर रायगढ़ पुलिस की टीमें आरोपी की पतासाजी में लगातार जुटी हुई हैं। पुलिस द्वारा उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
*एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* –
*“भले ही एयरगन का सामान्य उपयोग लाइसेंस के दायरे में न आता हो, लेकिन इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने, भय उत्पन्न करने, मारपीट करने या किसी आपराधिक कृत्य में किया जाता है, तो पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”*
One Comment