Bus Fare Hike: सरकार का नया आदेश: बस में चलना हुआ महंगा, जारी हुआ नोटिफिकेशन

Bus Fare Hike मध्यप्रदेश में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब अधिक किराया चुकाना होगा। राज्य सरकार ने निजी बस ऑपरेटरों की प्रस्तावित हड़ताल से पहले बसों का नया किराया तय कर दिया है। सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार बस किराये में अधिकतम 2 रुपए प्रति किलोमीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। अभी यात्रियों से करीब 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से किराया लिया जा रहा था। नए आदेश के बाद मध्यप्रदेश में बस का न्यूनतम टिकट किराया 10 रुपए हो गया है। किराये में बढ़ोतरी अलग-अलग श्रेणी की बसों के अनुसार निर्धारित की गई है। इससे लंबी दूरी की बस यात्राओं का खर्च भी बढ़ना तय है।
अलग-अलग श्रेणी की बसों का किराया अलग
सरकार ने बसों की श्रेणी के अनुसार सामान्य किराये के ऊपर अलग-अलग प्रतिशत की बढ़ोतरी निर्धारित की है। इसके तहत रात्रि बस सेवा में सामान्य किराये से 10 प्रतिशत अधिक, जबकि डीलक्स नॉन-एसी बसों में 25 प्रतिशत अधिक किराया लिया जाएगा। इसी तरह स्लीपर बसों का किराया सामान्य दर से 40 प्रतिशत अधिक, डीलक्स एसी बसों का किराया 50 प्रतिशत अधिक और सुपर लग्जरी एसी कोच का किराया सामान्य दर से 75 प्रतिशत अधिक निर्धारित किया गया है।
7 अगस्त से हड़ताल की तैयारी
Bus Fare Hike गौरतलब है कि निजी बस ऑपरेटर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 7 अगस्त से हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। हड़ताल से पहले सरकार द्वारा किराया बढ़ाए जाने को इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। नए किराये से जहां बस ऑपरेटरों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। सरकार के नोटिफिकेशन के बाद अब प्रदेश में निजी बसों के संचालन के दौरान निर्धारित नई दरों के अनुसार ही यात्रियों से किराया वसूला जाएगा


