Chhatisgarh News: राज्य खेल अलंकरण, विभिन्न खेल पुरस्कारों, सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी आदि के लिए 5 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

Chhatisgarh News: सक्ती, 24 जुलाई 2026
संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रायपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण एवं विभिन्न खेल पुरस्कारों, सम्मानों, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद राशि पुरस्कार, प्रेरणा निधि तथा डाइट मनी (खेलवृत्ति) के लिए पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों से 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पुरस्कारों में शहीद राजीव पांडे पुरस्कार (सीनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों हेतु), शहीद कौशल यादव पुरस्कार, पंकज विनोद चौबे सम्मान, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार (उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों हेतु) तथा शहीद विनोद चौबे सम्मान (55 वर्ष या अधिक आयु के खेल क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों हेतु) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाली टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी, व्यक्तिगत पदक विजेता खिलाड़ियों को नगद राशि पुरस्कार तथा 19 वर्ष तक के राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को डाइट मनी (खेलवृत्ति) भी प्रदान की जाएगी। आवेदनों का परीक्षण वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान अर्जित उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट https://sportsyw.cg.gov.in पर अपलोड किये गये आवेदन ही मान्य होंगे। अन्य किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग जिला सक्ती से संपर्क किया जा सकता है।


