Chhatisgarh Samachar: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076: सीसी रोड बनने से ग्रामीणों को मिली राहत – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhatisgarh Samachar: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076: सीसी रोड बनने से ग्रामीणों को मिली राहत

Chhatisgarh Samachar:  रायपुर, 23 जुलाई 2026

शिकायत पर त्वरित कार्यवाही कर ग्राम दाउकापा में सड़क हुई पुनः बहाल

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान किया जा रहा है। जिले में एक बार फिर हेल्पलाइन की संवेदनशील कार्यप्रणाली का सकारात्मक परिणाम सामने आया, जब मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम दाउकापा में एक शिकायत के आधार पर खोदी गई सड़क को पुनः बहाल कर ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। ग्राम दाउकापा में जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया था। कार्य के दौरान वार्ड क्रमांक-13 में सड़क खोदकर पाइपलाइन तो डाल दी गई, लेकिन बाद में सड़क की मरम्मत नहीं होने से मार्ग पूरी तरह जर्जर हो गया। गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

वार्ड निवासी श्री करन साहू ने समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की। विभाग की त्वरित पहल से वार्ड क्रमांक-13 में सीसी रोड का निर्माण कार्य पूर्ण कर सड़क को पूर्व स्थिति से बेहतर रूप में बहाल कर दिया गया। अब ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है तथा लंबे समय से बनी समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। श्री करन साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायत पर जिस तेजी से कार्यवाही हुई, उससे शासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब गांव के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

Related Articles

Back to top button