Raigarh News : लैलूंगा पुलिस ने 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का किया खुलासा, दोस्त ही निकला युवक का हत्यारा
आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के मामले में जा चुका है जेल, अब दोस्त की हत्या के अपराध में लैलूंगा पुलिस ने भेजा जेल

Raigarh News : *16 जुलाई, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना लैलूंगा पुलिस ने ग्राम भकुर्रा में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आपसी रंजिश और विवाद के दौरान घरेलू शील पत्थर से सिर एवं गर्दन पर जानलेवा प्रहार कर युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले महत्वपूर्ण सुराग तथा पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सहायता से आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान (65 वर्ष) ने 12 जुलाई 2026 की रात थाना लैलूंगा में सूचना दी कि उसके पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23 वर्ष) का शव घर की परछी में पड़ा हुआ है। मृतक के सिर एवं गर्दन के पास भारी वजनी शील पत्थर पड़ा था। प्रार्थी ने बताया कि उसका पुत्र शराब का आदी था तथा नशे की हालत में अक्सर अपनी मां से विवाद और मारपीट करता था, जिसके कारण उसकी मां एक सप्ताह पूर्व अपनी बेटी के घर ग्राम जमुना चली गई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कराया, शव का पोस्टमार्टम कराया तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य, जिनमें आरोपी का गमछा भी शामिल था, जब्त किया गया।
जांच के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद ली गई पुलिस डॉग ‘रूबी’ को डाग मास्टर विरेन्द्र अनंत ने घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर कई लोगों को खड़ा किया गया । पुलिस डॉग रूबी ने मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव तक पहुंचकर स्पष्ट संकेत दिए। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और मृतक साथ बैठकर खाना खा रहे थे तथा शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखे भारी शील पत्थर से रामनाथ उर्फ सोनू के सिर एवं गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना के समय पहने गए फुल पैंट एवं टी-शर्ट भी जब्त किए गए।

विवेचना में *आरोपी भुवनेश्वर यादव पिता स्वर्गीय तिलूराम यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़* के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में भी जेल जा चुका है। लैलूंगा पुलिस की त्वरित एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना से हत्या के इस मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपी को कानून के दायरे में लाया गया। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस हत्या के मामले के खुलासे में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, थाना लैलूंगा की टीम तथा पुलिस डॉग ‘रूबी’ की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
Read More : Capital Gains Tax: टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत, संपत्ति और सोना बेचने पर नहीं देना पड़ेगा ज्यादा टैक्स
👉🏻 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*
*”रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हत्या जैसे जघन्य अपराधों में त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”*



