Cg Current News: मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हुए सक्ती के दो मेधावी विद्यार्थी, मिली 2-2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Cg Current News: मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हुए सक्ती के दो मेधावी विद्यार्थी, मिली 2-2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

सक्ती, 17 जून 2026

जिला सक्ती के लिए यह गर्व और गौरव का क्षण है कि श्रम विभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत जिले के दो मेधावी विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। दोनों विद्यार्थियों को कुल 4 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के उन बच्चों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है, जिन्होंने राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची के टॉप-10 में स्थान प्राप्त किया हो। इस वर्ष जिला सक्ती के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। जिला श्रम पदाधिकारी श्रीमती मंजुलता कुर्रे से प्राप्त जानकारी अनुसार विकासखंड मालखरौदा अंतर्गत ग्राम भेड़िकोना निवासी कुमारी दुनिशा साहू, पिता श्री सुरेश कुमार साहू ने कक्षा 12वीं की राज्य प्रावीण्य सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया। वहीं विकासखंड जैजैपुर अंतर्गत ग्राम आमनदूला निवासी विशाल यादव, पिता श्री युवराज यादव ने कक्षा 10वीं की राज्य प्रावीण्य सूची में 5वां स्थान हासिल कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य तथा माननीय श्रम मंत्री, मंडल अध्यक्ष, श्रम सचिव एवं श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में दोनों विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा दोनों विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत कुल 4 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का डमी चेक प्रदान किया गया। प्रत्येक विद्यार्थी को 1 लाख रुपये मेधावी प्रोत्साहन राशि तथा 1 लाख रुपये स्कूटी क्रय करने हेतु प्रदान किए गए। इस प्रकार दोनों विद्यार्थियों को कुल 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिससे उन्हें आगे की शिक्षा के लिए नया संबल और प्रेरणा मिलेगी। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने दोनों विद्यार्थियों को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि न केवल दोनों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के लिए, बल्कि पूरे जिला सक्ती के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगी।

Related Articles

Back to top button