Chhattisgarh latest news: छत्तीसगढ़ के यात्रियों को बड़ी सौगात! ₹755 करोड़ की चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन को मिली मंजूरी – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhattisgarh latest news: छत्तीसगढ़ के यात्रियों को बड़ी सौगात! ₹755 करोड़ की चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन को मिली मंजूरी

Chhattisgarh latest news छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय रेल द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत ₹755 करोड़ की लागत से चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है और मोदी सरकार के विशेष फोकस से छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई ऊंचाई मिली है।

 

यात्री सुविधाओं में सुधार और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के विकास, औद्योगिक प्रगति और देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस परियोजना के पूरा होने पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी, परिचालन संबंधी बाधाएं कम होंगी तथा भविष्य में अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।

 

कोरबा देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में महत्वपूर्ण पहचान रखता है। चांपा-कोरबा रेल खंड साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) तथा महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) की खदानों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इस परियोजना के पूर्ण होने से कोयला परिवहन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आवश्यक लॉजिस्टिक आधार और अधिक मजबूत होगा।

 

क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा व्यापक लाभ

यह परियोजना केवल कोयला परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से उद्योगों को मजबूती मिलेगी, निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे कोरबा, जांजगीर-चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

 

उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना की सौगात

मुख्यमंत्री ने हाल ही में धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किए जाने पर भी प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह जशपुर सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए प्रधानमंत्री मोदी के विशेष स्नेह का प्रतीक है। लंबे समय से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे जशपुरांचल को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे वनांचल क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ सकेगा।

 

छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में रेलवे के विकास को लेकर महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए…

 

परियोजनाओं की कुल लागत: छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विकास पर 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

रूट किलोमीटर में दोगुनी वृद्धि: वर्ष 1853 से 2014 तक (161 वर्षों में) छत्तीसगढ़ में लगभग 1100 रूट किलोमीटर रेल लाइन बिछाई गई थी, जबकि अब प्रदेश का रेल नेटवर्क बढ़कर 2200 रूट किलोमीटर से अधिक होने जा रहा है।

बजट में रिकॉर्ड बढ़ोतरी: वर्ष 2014 में प्रदेश की रेल परियोजनाओं के लिए जहां लगभग 300 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, वहीं वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 7,470 करोड़ रुपये हो गया है।

अमृत भारत स्टेशन योजना: प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों को 1,680 करोड़ रुपये की लागत से इस योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है।

Chhattisgarh latest newsमुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत रेल नेटवर्क, सुदृढ़ लॉजिस्टिक व्यवस्था और बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से छत्तीसगढ़, ‘विकसित छत्तीसगढ़’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button