Ethanol Vehicles: नितिन गडकरी का बड़ा ऐलान, देश में जल्द 100% एथेनॉल की चलेंगी कार-बाइक

Ethanol Vehicles देश से प्रदूषण को पूरी तरह खत्म करने और आम जनता को पेट्रोल-डीजल की महंगाई से मुक्ति दिलाने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में बताया कि 100% एथेनॉल को कानूनी प्रक्रिया का रूप देने वाली फाइल पर उन्होंने कल रात साइन की है। गडकरी ने साफ किया कि देश का लक्ष्य अब पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता को पूरी तरह खत्म करना है।
शनिवार को आज नागपुर में ‘इंडिया टीवी’ के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि इस नए फैसले के बाद अब वाहन चालकों के पास अपनी गाड़ियों में पेट्रोल की जगह सीधे 100% एथेनॉल का इस्तेमाल करने का कानूनी विकल्प मिल गया है, जिससे न सिर्फ देश में प्रदूषण की समस्या खत्म होगी, बल्कि कंज्यूमर की जेब का भारी बोझ भी कम होगा।
फोर-व्हीलर से लेकर स्कूटर तक, सब में डलेगा एथेनॉल
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, “अब आपकी मर्जी है- गाड़ी में पेट्रोल डालो या एथेनॉल डालो, कोई भी डालो। इसे फोर-व्हीलर, थ्री-व्हीलर या स्कूटर, किसी भी वाहन में इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे पर्यावरण को होने वाला नुकसान और प्रदूषण बेहद कम हो जाएगा और सबसे बड़ी बात यह कि कंज्यूमर्स के पैसे भी बहुत कम लगेंगे।”
देशभर में खुलेंगे एथेनॉल पंप
एथेनॉल की उपलब्धता को लेकर केंद्रीय मंत्री ने एक और बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल (Indian Oil) ने इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाते हुए देश भर में लगभग 350 एथेनॉल पंप लगा दिए हैं। इसके साथ ही मंत्रालय ने बाकी निजी और सरकारी तेल कंपनियों से भी देश के कोने-कोने में एथेनॉल पंप लगाने का अनुरोध किया है। सरकार जल्द ही अन्य कंपनियों को भी एथेनॉल पंप खोलने की जरूरी अनुमतियां देगी, जिससे हर नागरिक को इसका सीधा फायदा मिल सके।
हवाई ईंधन का रेट भी हुआ फिक्स
Ethanol Vehiclesइस बातचीत के दौरान नितिन गडकरी ने केवल सड़क परिवहन ही नहीं, बल्कि विमानन क्षेत्र को लेकर भी एक बड़ा ऐलान किया। अक्सर हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के कारण हवाई जहाज के टिकटों के दाम बार-बार घटते-बढ़ते रहते थे, जिससे आम यात्रियों और एविएशन कंपनियों दोनों को परेशानी होती थी। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए गडकरी ने बताया कि सरकार ने ₹10,000 करोड़ का एक विशेष स्टेबलाइज फंड तैयार किया है। इस फंड की मदद से सरकार ने एविएशन फ्यूल का रेट ₹115 प्रति लीटर पर फिक्स कर दिया है। रेट फिक्स होने की वजह से अब हवाई कंपनियों को बिजनेस चलाने में कोई अड़चन नहीं आएगी और बार-बार हवाई टिकट महंगे होने के झंझट से आम कंज्यूमर को भी बड़ी राहत मिलेगी।



