IND vs AFG ODI Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का शेड्यूल जारी, यहां जानें कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले

IND vs AFG ODI Series: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में रिकॉर्ड जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम अब तीन मैचों की वनडे सीरीज में मैदान पर उतरने के लिए तैयार है। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए टेस्ट मैच में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर अपने टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। हालांकि मुकाबला महज साढ़े तीन दिन में समाप्त हो गया, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों को पांच दिन तक चलने वाले मुकाबले का रोमांच नहीं मिल सका। अब फैंस की नजरें दोनों टीमों के बीच होने वाली वनडे सीरीज पर टिकी हैं, जिसकी शुरुआत 13 जून से धर्मशाला में होगी।
13 जून से शुरू होगी तीन मैचों की वनडे सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में, दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में और तीसरा व अंतिम मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। तीनों मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे, जबकि टॉस दोपहर 1 बजे होगा।
कहां देख सकेंगे लाइव मैच ?
टेस्ट मैच की तरह वनडे सीरीज का प्रसारण भी स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसक टीवी और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म पर मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।
शुभमन गिल के नेतृत्व में उतरेगी भारतीय टीम
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई है। टीम में अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा की वापसी हुई है, जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। विकेटकीपर के रूप में केएल राहुल और ईशान किशन को जगह मिली है।
भारतीय टीम में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे शामिल हैं।
राशिद खान और नबी पर रहेगी अफगानिस्तान की उम्मीद
अफगानिस्तान की टीम की कप्तानी हशमतुल्लाह शाहिदी करेंगे। टीम में अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी और स्टार स्पिनर राशिद खान जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन पर टीम की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी।
अफगानिस्तान की टीम में हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोती, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक और बिलाल सामी शामिल हैं। रिजर्व पूल में कैस अहमद, सलीम सफी और बशीर अहमद को रखा गया है।
read more OTT relese this week: इस हफ्ते OTT पर रिलीज हो रही हैं शानदार फिल्में-सीरीज, यहां देखें लिस्ट
टेस्ट हार का हिसाब बराबर करने उतरेगा अफगानिस्तान
वनडे सीरीज अफगानिस्तान के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगी। टीम हाल ही में समाप्त हुए टेस्ट मैच में भारत के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई थी। भारत ने पहली पारी में 564 रन बनाए थे, जबकि अफगानिस्तान दोनों पारियों में क्रमश: 152 और 112 रन ही बना सका था। ऐसे में मेहमान टीम वनडे प्रारूप में बेहतर प्रदर्शन कर टेस्ट हार की निराशा को पीछे छोड़ना चाहेगी।
IND vs AFG ODI Seriesदूसरी ओर, भारत अपनी जीत की लय को कायम रखते हुए घरेलू मैदान पर एक और सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगा। रोहित शर्मा, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों पर एक बार फिर सबकी नजरें रहेंगी।



