Delhi Airport Sudden Storm: IGI एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा; तेज हवा और बारिश से एयर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त

Delhi Airport Sudden Storm दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर रविवार को तेज हवा और बारिश हुई। इसकी चपेट में एयर इंडिया के तीन नैरोबॉडी विमान आ गए और क्षतिग्रस्त हो गए। ऑपरेटर ने बताया कि टक्कर के बाद तीनों विमानों को परिचालन से हटा दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
ऑपरेटर के मुताबिक, एयर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के ग्राउंड इक्विपमेंट अचानक खराब मौसम के कारण अपनी जगह से हिल गए और टर्मिनल 2 पर खड़े विमानों से टकरा गए। निजी ऑपरेटर के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने मौसम में किसी भी बदलाव के बारे में (एयरपोर्ट ऑपरेटर या एयरलाइंस को) कोई चेतावनी जारी नहीं की थी। ऐसे में इस नुकसान के लिए जिम्मेदार कौन है ये बड़ा सवाल बन गया है।
हालांकि खबर लिखे जाने तक इस मामले में एयर इंडिया की ओर से कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है। हालांकि एयरलाइन के एक सूत्र के मुताबिक, एयर इंडिया के तीन विमानों के साथ-साथ अन्य ऑपरेटरों के विमान भी खराब मौसम की चपेट में आए हैं और प्रभावित हुए हैं।
हालांकि सूत्र ने ये भी बताया कि जो 3 विमान प्रभावित हुए हैं, उनमें से 2 विमान जल्द ही परिचालन में वापस आ जाएंगे। हालांकि तीसरे विमान को ठीक होने में थोड़ा अधिक समय लगेगा। (इनपुट: PTI)
दिल्ली-एनसीआर में आज बदला मौसम
भीषण गर्मी के बीच आज दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदला हुआ दिखा। रविवार शाम को यहां तेज हवा चलने के साथ बारिश हुई। बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली लेकिन एयरपोर्ट पर विमानों को नुकसान पहुंच गया।
दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री था। मौसम विभाग ने पहले ही बताया था कि आज दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और गरज के साथ बिजली चमकने का अनुमान है।
हालांकि एयरपोर्ट पर इस बात का अंदाजा किसी को नहीं था कि मौसम की मार सीधा विमानों पर असर डालेगी और उन्हें क्षतिग्रस्त कर देगी।
Delhi Airport Sudden Stormदिल्ली के अलावा नोएडा में भी बारिश देखने को मिली और लोगों ने मौसम में नमी होने से गर्मी से राहत महसूस की। गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ रही है।



