RCB vs GT IPL 2026: आज पहले क्वालिफायर में बेंगलुरु-गुजरात की होगी भिड़ंत, जानें सीजन में किसके आंकड़े हैं मजबूत – RGH NEWS
खेल

RCB vs GT IPL 2026: आज पहले क्वालिफायर में बेंगलुरु-गुजरात की होगी भिड़ंत, जानें सीजन में किसके आंकड़े हैं मजबूत

RCB vs GT IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 अब अपने निर्णायक चरण यानी प्लेऑफ में पहुंच चुका है। आज डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच सीजन का पहला क्वालिफायर खेला जाएगा। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा, जबकि हारने वाली टीम क्वालिफायर-2 खेलेगी।

 

 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच यह अहम मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। जबकि, टॉस आधा घंटा पहले यानी शाम 7 बजे होगा। इस मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

 

धर्मशाला की पिच रिपोर्ट

 

धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम की पिच हमेशा से तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। पहाड़ों के बीच बसे इस मैदान पर गेंद हवा में मूव करती है, जिससे पेसर्स को अच्छी स्विंग और बाउंस मिलती है। हालांकि, बल्लेबाज भी यहां बड़े शॉट लगाने से पीछे नहीं रहते और मुकाबले अक्सर हाई स्कोरिंग देखने को मिलते हैं।

 

आईपीएल में इस मैदान पर अब तक 17 मैच खेले गए हैं और सभी मुकाबलों का नतीजा निकला है। इनमें से 10 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 7 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। वहीं, टॉस का असर यहां ज्यादा देखने को नहीं मिलता, क्योंकि टॉस जीतने वाली टीम ने 8 और हारने वाली टीम ने 9 मुकाबले जीते हैं।

 

धर्मशाला में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 192 रन है, जो इस मैदान की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों को दर्शाता है। इम्पैक्ट प्लेयर नियम आने के बाद यहां 200 से ज्यादा का स्कोर भी सामान्य माना जा रहा है। हालांकि, दूसरी पारी में औसत स्कोर घटकर लगभग 167 रन रह जाता है, जिससे साफ है कि यहां रन चेज करना आसान नहीं होता।

 

गेंदबाजों की बात करें तो इस मैदान पर पेसर्स का दबदबा रहता है। यहां लगभग 76 फीसदी विकेट तेज गेंदबाजों के खाते में जाते हैं, जबकि स्पिनर्स को सिर्फ 24 फीसदी सफलता मिलती है। यही वजह है कि कप्तान ज्यादातर ओवर अपने तेज गेंदबाजों से ही करवाना पसंद करते हैं। कई बार कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल जैसे अनुभवी स्पिनर्स को भी पूरे ओवर नहीं मिल पाते। ऐसे में इस मुकाबले में भी दोनों टीमों के तेज गेंदबाज जीत-हार में अहम भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं।

 

RCB बनाम GT हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

 

आईपीएल इतिहास में RCB और GT के बीच अब तक बराबरी की टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों ने 4-4 मैच अपने नाम किए हैं। इस सीजन में भी दोनों टीमें दो बार आमने-सामने आई हैं और दोनों ने एक-एक मुकाबले में जीत दर्ज की है। पिछले मैच में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हराया था, जबकि उससे पहले RCB ने GT को 5 विकेट से मात दी थी।

 

धर्मशाला में बारिश के 80% आसार

 

गौरतलब है कि धर्मशाला में आज शाम बारिश की काफी संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मुकाबले के दौरान करीब 80 फीसदी बारिश के आसार हैं। ऐसे में अगर आईपीएल 2026 का क्वालिफायर-1 बारिश की वजह से रद्द होता है, तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बिना मैच खेले सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी।

 

दरअसल, लीग चरण में RCB अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रही थी और क्वालिफायर-1 के लिए कोई रिजर्व डे भी निर्धारित नहीं किया गया है। ऐसे में मैच धुलने की स्थिति में बेहतर रैंकिंग वाली टीम को फायदा मिलेगा।

 

वहीं, गुजरात टाइटंस के लिए राहत की बात यह है कि अगर मैच नहीं हो पाता, तब भी टीम पूरी तरह टूर्नामेंट से बाहर नहीं होगी। क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलता है। ऐसे में GT को क्वालिफायर-2 खेलने का अवसर मिलेगा, जहां उसका सामना एलिमिनेटर मुकाबले की विजेता टीम से हो सकता है।

 

RCB और GT की संभावित प्लेइंग 11

 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, सुयश शर्मा और जोश हेजलवुड

 

इम्पैक्ट प्लेयर: फिल सॉल्ट

 

गुजरात टाइटंस (GT)

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज

 

 

 

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

 

RCB vs GT IPL 2026आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर शाम 7:30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Related Articles

Back to top button