New Mexico Plane Crash: टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हुआ विमान, भयानक हादसे में सभी यात्रियों की मौत – RGH NEWS
देश

New Mexico Plane Crash: टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हुआ विमान, भयानक हादसे में सभी यात्रियों की मौत

New Mexico Plane Crash अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य में गुरुवार सुबह एक छोटा मेडिकल विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 4 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा रुइदोसो (Ruidoso) इलाके के बाहर हुआ। लिंकन काउंटी के मैनेजर जेसन बर्न्स ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी कि FAA के मुताबिक, यह विमान रोसवेल एयर सेंटर से उड़ा था और सिएरा ब्लांका रीजनल एयरपोर्ट की ओर जा रहा था।

 

 

विमान हादसे के बाद इलाके में लगी भयंकर आग

अधिकारियों ने बताया कि उड़ान के दौरान ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इस हादसे की जांच करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ पाएगी। विमान हादसे के बाद इलाके में आग भी लग गई। लिंकन काउंटी प्रशासन के मुताबिक, अमेरिकी फॉरेस्ट सर्विस स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में जुट गईं। बताया जा रहा है कि आग करीब पांच एकड़ इलाके में फैली हुई थी।

 

तेज हवाओं के कारण आग फैलने का खतरा बढ़ा

दुर्घटना के समय दक्षिणी न्यू मैक्सिको में मौसम बेहद गर्म और शुष्क था और रुइदोसो क्षेत्र के लिए ‘रेड फ्लैग’ हाई फायर रिस्क चेतावनी जारी की गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, कम नमी और तेज हवाओं के कारण आग फैलने का खतरा बढ़ गया था। हवा की रफ्तार करीब 56 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती थी। बता दें कि रुइदोसो एक पहाड़ी कस्बा है, जिसकी आबादी 8 हजार से भी कम है। यह दक्षिण-मध्य न्यू मैक्सिको की सिएरा ब्लांका पर्वत श्रृंखला के नीचे स्थित है। आसपास का इलाका घने जंगलों और ग्रामीण क्षेत्रों से घिरा हुआ है, जिसमें लिंकन नेशनल फॉरेस्ट भी शामिल है।

 

पिछले 18 महीनों में कई मेडिकल प्लेन हुए क्रैश

New Mexico Plane Crashपिछले 18 महीनों में अमेरिका में मेडिकल विमानों से जुड़े कई बड़े विमान हादसे सामने आ चुके हैं। जनवरी 2025 में फिलाडेल्फिया के एक रिहायशी इलाके में एक जेट विमान गिर गया था, जिसमें 8 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, पिछले साल मैक्सिकन नौसेना का एक विमान, जिसमें एक युवा मरीज समेत 8 लोग सवार थे, टेक्सास के तट के पास मैक्सिको की खाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

Related Articles

Back to top button