Chhattisgarh news: छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 1.3 करोड़ का गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिकअप वाहन से एक करोड़ रुपए से ज्यादा का गांजा बरामद किया है, जिसे आम के ट्रे के बीच में छिपाकर ओडिशा ले जाया जा रहा था। इसी के साथ ही एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। यह पूरा मामला कांसाबेल थाना अंतर्गत दोकड़ा चौकी क्षेत्र का है।
विशेष अभियान ऑपरेशन आघात जारी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान ऑपरेशन आघात चलाया जा रहा है, जिसके तहत जशपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में दोकड़ा चौकी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से दो क्विंटल से ज्यादा गांजा सहित एक आरोपी को पकड़ा है।
कब और कैसे हुई कार्रवाई ?
दरअसल, 12 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन में गांजे की तस्करी की जा रही है, जिसके बाद एक्शन में आई टीम ने देवरी गांव के पास नाकेबंदी की। इस दौरान तस्कर पुलिस की नाकेबंदी देखकर गाड़ी लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे बगिया दोकड़ा मुख्य मार्ग के पास पकड़ लिया।
कैसे की जा रही थी तस्करी ?
पुलिस की टीम ने जब उस वाहन की चेकिंग की, तो आम के ट्रे के बीच में 207 पैकेट 207 किलो गांजा मिला। इस गांजे को टेप में लपेटकर छिपाया गया था, जिसकी कीमत 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। साथ ही पिकअप वाहन, एक मोबाइल और 550 रुपए नगद जब्त किया गया है।
कहां से कहां हो रही थी तस्करी ?
वही पुलिस ने बगीचा थाना क्षेत्र के विमड़ा गांव में रहने वाले प्रेम नाथ सिंह (36) को भी गिरफ्तार किया है। टीम ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने गांजा को ओडिशा के सुंदरगढ़ से लाया था, जिसे वो अंबिकापुर लेकर जा रहा था और वहां से एक अन्य व्यक्ति उस गांजा को उत्तर प्रदेश लेकर जाने वाला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चौकी दोकड़ा में एन डी पी एस की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
DIG ने मामले में क्या कहा ?
Chhattisgarh newsडी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोकड़ा क्षेत्र में एक पिकअप से करोड़ों रुपए का दो क्विंटल से अधिक अवैध मादक प्रदार्थ गांजा सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में एंड टू एंड इन्वेस्टीगेशन कर रही है, नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को भी छोड़ा नहीं जावेगा, सख्त कानूनी कार्यवाही की जावेगी



