Weather update:देशभर में भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में लू का अलर्ट; पारा 46°C के पार – RGH NEWS
मौसम अपडेट

Weather update:देशभर में भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में लू का अलर्ट; पारा 46°C के पार

Weather update:देश के ज्यादातर हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। तेज धूप और बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। हालात को देखते हुए कई राज्य सरकारों ने लोगों को लू से बचाने के लिए एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पूर्वी बिहार और पूर्वोत्तर भारत को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वहीं कुछ इलाकों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र के अकोला में सबसे ज्यादा 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इन राज्यों में लू का अलर्ट

IMD के मुताबिक 26 और 27 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण हीट वेव की स्थिति रह सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात में भी इन तारीखों के दौरान लू चलने की प्रबल संभावना है। छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 28 अप्रैल तक ऐसी ही स्थिति बने रहने के आसार हैं।

 

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 26 अप्रैल को त्रिपुरा, तटीय महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और केरल में भी इसी तरह की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

 

Weather update:IMD के अनुसार 26 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में, 26-27 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश में, और 27-28 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में ‘गर्म रात’ की स्थिति रह सकती है, जिससे लोगों को रात में भी राहत मिलने की उम्मीद कम है।

Related Articles

Back to top button