*✍️RGHNEWS ब्रेकिंग:- डेल्टा प्लस वैरिएंट पर केंद्र का अलर्ट,तत्काल कंटेनमेंट जोन बनाने के दिए निर्देश…!!!*

RGHNEWS प्रशांत तिवारी देश में तेजी से फैल रहे कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शुक्रवार देर शाम 8 राज्यों को चिट्ठी लिखकर जांच और जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए सैंपल भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राज्यों से यह भी कहा गया है कि जिन जिलों में डेल्टा प्लस के केस मिले हैं, वहां तत्काल प्रभाव से कंटेनमेंट जोन बनाए जाएं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जिन 8 राज्यों को चिट्ठी लिखी गई है उसमें राजस्थान, कर्नाटक, पंजाब, झारखंड, हरियाणा, गुजरात, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु शामिल हैं। इससे पहले शुक्रवार को ही ICMR के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने बताया कि डेल्टा प्लस वैरिएंट अभी 12 देशों में मौजूद है। देश में अब तक 11 राज्यों में 50 मामलों की पहचान की गई है।
2 दिन पहले MP, महाराष्ट्र और केरल को जारी किया था अलर्ट
स्वास्थ्य मंत्रालय ने 2 दिन पहले मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और केरल को अलर्ट जारी किया था। भारतीय SARS-CoV-2 जीनोमिक कंसोर्टिया के हालिया निष्कर्षों के आधार पर महाराष्ट्र, केरल और मध्य प्रदेश को इस वैरिएंट से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
बीते दिन 51,225 केस आए, 63,674 ठीक हुए और 1324 की मौत
देश में गुरुवार को कोरोना के 51,255 संक्रमितों की पहचान हुई। इस दौरान 63,674 लोगों ने संक्रमण को मात दी लेकिन 1324 लोगों की जान भी गई। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों के आंकड़े में 13,783 की कमी रिकॉर्ड की गई। फिलहाल देश में 6.07 लाख एक्टिव केस हैं। पिछले कुछ दिनों का ट्रेंड देखें, तो आज एक्टिव केस का आंकड़ा करीब 85 दिनों बाद 6 लाख से नीचे पहुंच जाएगा।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 51,255
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 63,674
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 1324
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.91 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.93 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 6.07 लाख
10 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।



