Raigarh News : रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल SSP शशि मोहन सिंह की फिल्म ‘खौफ द डिजिटल वार’ ने दिखाई डिजिटल ठगी की सच्चाई, दर्शकों ने सराहा जागरूकता संदेश – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल SSP शशि मोहन सिंह की फिल्म ‘खौफ द डिजिटल वार’ ने दिखाई डिजिटल ठगी की सच्चाई, दर्शकों ने सराहा जागरूकता संदेश

Raigarh News :  घरघोड़ा। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में निर्मित शॉर्ट फिल्म “खौफ द डिजिटल वार” का घरघोड़ा स्थित ए.के. सिनेमा में निशुल्क प्रदर्शन किया गया। घरघोड़ा पुलिस की इस सराहनीय पहल में सैकड़ों की संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Read More : Share Market Today: हफ्ते के आखिरी दिन बाजार में तूफानी तेजी; Sensex 500 अंक उछला, इन शेयरों ने बाजार में भरी रफ्तार

कार्यक्रम मुख्य अतिथि एसएसपी शशि मोहन सिंह भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धार्थ तिवारी, नायब तहसीलदार सहोदर राम, थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, भाजपा नेता सुनील सिंह ठाकुर, ए.के. सिनेमा के संचालक अनिल कुमार गुप्ता, सेवानिवृत्त कर्मचारी, सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षक – शिक्षिकाएं आईटीआई कॉलेज के छात्र-छात्राएं, महिलाएं तथा स्थानीय पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

फिल्म के माध्यम से साइबर अपराधों और डिजिटल ठगी के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने फिल्म को न केवल रुचि के साथ देखा, बल्कि इसके संदेश को गंभीरता से आत्मसात भी किया। वास्तविक घटनाओं पर आधारित प्रस्तुति ने जनसमूह पर गहरा प्रभाव डाला।
प्रदर्शन के उपरांत उपस्थित नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक एसएसपी शशि मोहन सिंह की रचनात्मक पहल की जमकर प्रशंसा की। सभी ने इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और समय की आवश्यकता बताया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व एसएसपी सिंह द्वारा मानव तस्करी पर आधारित फिल्म “कजरी” का निर्माण भी किया जा चुका है। अब “खौफ द डिजिटल वार” के माध्यम से उन्होंने साइबर अपराधों पर प्रभावी प्रहार करते हुए समाज को सतर्क रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा – सायबर अपराध से बचाव हेतु ‘खौफ द डिजिटल वार’ का निर्माण किया गया है। घरघोड़ा पुलिस द्वारा इसके निशुल्क प्रदर्शन में नागरिकों का अपार स्नेह मिला, जिसके लिए मैं सभी का धन्यवाद करता हूँ। आप सभी से आग्रह है कि इस फिल्म को अपने परिवार और रिश्तेदारों को भी दिखाएँ, ताकि सभी सुरक्षित रह सकें।

अरुणधर दीवान, जिलाध्यक्ष भाजपा रायगढ़ ने कहा –
“रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह जी के निर्देशन में निर्मित फिल्म ‘खौफ’ आधुनिक दौर में बढ़ते डिजिटल अपराधों के प्रति समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। यह निश्चित रूप से जनमानस को सतर्क एवं जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

Read More : Raigarh News : ऑपरेशन “तलाश” में रायगढ़ पुलिस को मिली बड़ी सफलता—दो साल से फरार ट्रक मालिक अम्बिकापुर से गिरफ्तार

“खौफ द डिजिटल वार” न केवल मनोरंजन प्रदान करती है, बल्कि डिजिटल युग में सतर्क और सुरक्षित रहने का प्रभावी संदेश भी देती है। इस प्रकार की पहल निश्चित ही साइबर अपराधों की रोकथाम में सहायक सिद्ध होगी और समाज में जन-जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनेगी।

Related Articles

Back to top button