Raigarh News: एमएसपी कार्डिनल कप सीजन-9 का रंगारंग शुभारंभ – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News: एमएसपी कार्डिनल कप सीजन-9 का रंगारंग शुभारंभ

उद्घाटन मैच में पत्रकार एकादश पर पुलिस एकादश की जीत

Raigarh News:   ​रायगढ़ 20/03/ 26

शहर के खेल प्रेमियों का इंतजार खत्म हुआ और गुरुवार की रात दूधिया रोशनी में नहाए स्टेडियम में ‘एमएसपी कार्डिनल कप सीजन-9’ का भव्य शुभारंभ हुआ। रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आगाज न केवल खेल भावना के साथ हुआ, बल्कि प्रशासनिक और औद्योगिक जगत की दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी ने समारोह में चार चांद लगा दिए।

Read More : CG Cess Amendment Bill 2026: आम जनता को मिली बड़ी राहत; छत्तीसगढ़ में जमीन रजिस्ट्री हुई सस्ती, 12 प्रतिशत उपकर हुआ खत्म

​टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसपी शशि मोहन सिंह उपस्थित रहे। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने खेल को अनुशासन और टीम भावना का सर्वश्रेष्ठ माध्यम बताया। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। खिलाड़ी खेल भावना से खेलें और पूरा दमखम लगा दें। एक खिलाड़ी एक अनुशासित नागरिक बनता है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन होते रहना चाहिए।

​समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर एमएसपी प्लांट के प्रेसिडेंट वीएस सिंह और सीओओ बीके सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने क्रिकेट के प्रति शहर के जुनून को देखते हुए खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं और एमएसपी समूह की ओर से खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। अतिथियों ने पिच पर जाकर विधिवत पूजा-अर्चना की और बल्ला थामकर सांकेतिक रूप से टूर्नामेंट की शुरुआत की।
उदघाटन सत्र में एमएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि वे सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्थानीय खेल प्रतिभाओं को एक राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करना चाहते हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर विकास अग्रवाल ने कहा कि रात्रिकालीन क्रिकेट का यह आयोजन युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने की एक सशक्त कड़ी है।

एमएसपी के प्रेसिडेंट वीएस सिंह ने मंच से कहा कि एमएसपी कार्डिनल कप का यह नौवां संस्करण न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह शहर की एकता और खेल संस्कृति को भी प्रदर्शित करता है। पुलिस और पत्रकारों के बीच हुए पहले मैच ने टूर्नामेंट के लिए एक सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार कर दिया है। अब नजरें आगामी मैचों पर टिकी हैं, जहाँ शहर की बेहतरीन टीमें खिताब के लिए पसीना बहाएंगी।

एमएसपी ​कार्डिनल कप के अध्यक्ष अरुण उपाध्याय ने बताया कि एमएसपी कार्डिनल कप का नौवां सीजन हमारे लिए केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक उत्सव है जो पूरे शहर को एक सूत्र में पिरोता है। इस साल हमने डिजिटल क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को जोड़कर युवाओं को एक नया मंच देने की कोशिश की है, जिसे जनता का भरपूर प्यार मिल रहा है। हमारा उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को निखारना और रायगढ़ में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। हम एसएसपी साहब और एमएसपी प्लांट प्रबंधन के आभारी हैं, जिनके सहयोग से यह आयोजन भव्य रूप ले सका है। आने वाले दिनों में क्रिकेट प्रेमियों को और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

​पत्रकारों ने मैच हारा पर दिल जीता
​टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा, जो पत्रकार एकादश और पुलिस एकादश के बीच खेला गया। मैदान पर कलम के सिपाहियों और कानून के रखवालों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। पत्रकार एकादश ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज मोहसिन खान और मनीष बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। पुलिस 11 के गेंदबाजों, विशेषकर रामचरण और डहरू ने शुरुआती झटके देकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
​मध्यक्रम में अमित गुप्ता (9 रन) और साकेत पांडेय (8 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। अंत में अभिषेक उपाध्याय के जरूरी 8 रन से टीम ने 8 ओवर में 48 रन बनाए। टीम के लिए सबसे सफल बल्लेबाज नीरज तिवारी रहे, जिन्होंने 16 गेंदों का सामना करते हुए 18 रनों की जुझारू पारी खेली। उन्हें पुष्पराज ने अनुज जायसवाल के हाथों कैच आउट कराया।

​49 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस एकादश ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। वर्दीधारियों ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। अनुशासन और सटीक तालमेल का परिचय देते हुए पुलिस एकादश ने मात्र 6 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और उद्घाटन मैच अपने नाम कर लिया। डीएसपी उत्तम सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 32 रन बनाएं जिसमें शानदार लगातार 2 छक्के शामिल हैं।

​दर्शकों में दिखा भारी उत्साह
​सीजन-9 को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। डीजे की धुन, फ्लड लाइट्स की चमक और खिलाड़ियों के चौके-छक्कों ने माहौल को उत्सव जैसा बना दिया। आयोजकों ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट में पिछले सीजन की तुलना में अधिक टीमें हिस्सा ले रही हैं और आने वाले दिनों में और भी कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।

​सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम
​रात के समय होने वाले इस बड़े आयोजन को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एमएसपी कार्डिनल कप के वालंटियर्स और स्थानीय पुलिस की टीम भीड़ को नियंत्रित करने और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए मुस्तैद दिखी। चक्रधर नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा अपनी टीम के साथ मुस्तैद थे इस कारण वे मैच नहीं खेल पाए।


*ग्लैमर और रोमांच का संगम*
​सीजन-9 की सबसे खास बात इसकी शुरुआत रही। पहला मैच डिजिटल क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के बीच खेला गया। इस मैच को लेकर युवाओं में भारी क्रेज देखा गया।
​अपने पसंदीदा सोशल मीडिया स्टार्स को रील स्क्रीन से निकलकर क्रिकेट पिच पर पसीना बहाते देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग स्टेडियम पहुंचे थे। स्टैंड्स पूरी तरह भरे हुए थे और हर चौके-छक्के पर दर्शकों का शोर गूंज रहा था।
​डिजिटल दुनिया के इन सितारों ने बल्ले और गेंद से भी अपना हुनर दिखाया। इस मुकाबले ने पूरे टूर्नामेंट के लिए एक हाई-वोल्टेज माहौल तैयार कर दिया।

Read More : Online Betting Websites Ban: भारत सरकार का बड़ा ‘डिजिटल स्ट्राइक’.. 300 वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन को किया प्रतिबंधित..

*वो जिनके कारण टूर्नामेंट संभव हो पाया*
कार्डिनल कप के सदस्य वीर सिंह ने बताया कि कार्डिनल कप में हमारी 3 महीने की मेहनत है और हमारे स्पॉन्सर हैं जिनके सहयोग के बिना यह टूर्नामेंट संभव नहीं है। स्पॉन्सर्स के कारण ही हमारा। यह टूर्नामेंट अब मध्य भारत के बड़े नाइट टूर्नामेंट में से एक बन गया है। हमारे स्पॉन्सर्स में एमएसपी, जिंदल स्टील, सिंघल ग्रुप, अदाणी फाउंडेशन, हरक्यूलिस, राजपूत इंडस्ट्रीज, विपुल ट्रैक्टर्स, फैशन पार्क, भगवती इंटरप्राइजेज, राज प्रिय हॉस्पिटल, सोलर टेक्नोलॉजी, आनंद इंटरप्राइजेज, टाटा शिवम मोटर्स, क्वालिटी रेस्टोरेंट, मोर डिजाइन, इनफोWT, मोक्ष आईएएस, सुदर्शन सोलर, आइडल कंप्यूटर, द मसल फैक्ट्री, फिटनेस लाइन, एथर, मितान रिजॉर्ट, डॉ.पीयूष अग्रवाल, ईडन गार्डन, जिंदल बजाज, सुरभि डेयरी, होटल आउटर, बड़े ज्वेलर्स आदि।

Related Articles

Back to top button