Raigarh News : उड़ती फ्लाईऐश से परेशान गांव TRN एनर्जी किसानों के लिए वरदान नहीं, बन गया बड़ी मुसीबत

Raigarh News : RGH न्यूज़ @प्रशांत तिवारी रायगढ़/कुंडकेला। इलाके में चल रहा टीआरएन एनर्जी पावर प्लांट अब किसानों और ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। प्लांट से निकलने वाली फ्लाईऐश (राख) खुले ट्रकों से ढोई जा रही है, जिससे रास्ते भर धूल उड़ती रहती है। इसका असर गांव की सड़कों, खेतों और लोगों की सेहत पर साफ दिखाई दे रहा है।

Read More : US Iran War: भारत आ रहे थाईलैंड के कार्गो शिप पर मिसाइलों से हमला, लगी भीषण आग, 20 लोग थे सवार
ग्रामीणों का कहना है कि कई ट्रकों में क्षमता से ज्यादा फ्लाईऐश भरकर ले जाई जाती है। ऊपर से उन्हें ठीक से ढका भी नहीं जाता, जिसके कारण चलते समय राख उड़कर सड़कों और खेतों में फैल जाती है। इससे किसानों की फसल और जमीन को नुकसान हो रहा है।
इलाके के लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार उड़ रही धूल से लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी समस्याएं भी होने लगी हैं।

सड़कों पर भी हालात खराब हैं। भारी ट्रकों की आवाजाही और उड़ती राख के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई जगह सड़कें भी खराब हो चुकी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले समय में खेती और पर्यावरण दोनों को बड़ा नुकसान हो सकता है।

वहीं, पर्यावरण विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा है और खुले ट्रकों से फ्लाईऐश का परिवहन लगातार जारी है।



