Gold Silver Price: एक झटके में ₹5,000 सस्ती हो गई चांदी, सोने की कीमतें भी गिरी, खरीदारी ले पहले जान लें ताजा रेट

Gold Silver Price राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को चांदी की कीमत में 5000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी (सभी टैक्स सहित) शुक्रवार के 2,55,000 रुपये प्रति किलो से घटकर सोमवार को 2,50,000 रुपये प्रति किलो हो गई, यानी लगभग 5,000 रुपये या 1.96% की गिरावट आई। हालांकि सोने के दाम 10 ग्राम पर 700 रुपये बढ़कर 1,59,200 रुपये पर पहुंच गए। 99.9% शुद्ध सोना (सभी टैक्स सहित) 10 ग्राम पर 1,58,500 रुपये से बढ़कर 1,59,200 रुपये हो गया।
मार्केट एक्सपर्ट की राय
Lemonn Markets Desk के रिसर्च एनालिस्ट गौरवव गर्ग ने कहा कि चांदी में सप्ताह की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई, क्योंकि निवेशकों ने सप्ताहांत की तेजी के बाद मुनाफा बुक किया। हालांकि, केंद्रीय बैंकों की खरीदारी, टेक और एआई शेयरों में सुधार के बीच सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और कमजोर डॉलर इंडेक्स ने गिरावट को सीमित किया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि वैश्विक बाजार में सोना सोमवार को थोड़ी कमजोरी के साथ रहा। यूएस डॉलर में मामूली रिकवरी और खरीदारी की कमी कीमती धातुओं पर दबाव डाल रही है।
वैश्विक बाजार की स्थिति
स्पॉट चांदी लगभग 1% गिरकर 76.94 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई। इधर, स्पॉट सोना 1% की गिरावट के साथ 5,003.01 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया। कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी (कमोडिटी रिसर्च) कयनात चैनवाल के अनुसार, व्यापारी अब महत्वपूर्ण मैक्रोइकोनॉमिक डेटा पर नजर रखे हुए हैं, जिसमें यूएस फेडरल रिजर्व का PCE प्राइस इंडेक्स (20 फरवरी को) शामिल है। इसका असर जून में ब्याज दर कटौती की उम्मीदों पर पड़ सकता है। इसके अलावा FOMC मीटिंग मिनट्स, यूएस दिसंबर का अग्रिम GDP डेटा और प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के फ्लैश PMI रीडिंग्स भी बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
एमसीएक्स पर सोना आज
Gold Silver Priceइंटरनेशनल मार्केट में मंदी के ट्रेंड के कारण सोमवार को फ्यूचर ट्रेड में सोने की कीमतें 589 रुपये घटकर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर, अप्रैल डिलीवरी के लिए पीली धातु 589 रुपये या 0.38 प्रतिशत गिरकर 1,55,306 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई, जिसमें 7,695 लॉट का कारोबार हुआ।



