Bharat Taxi Launch: आज दिल्ली में लॉन्च हुआ भारत टैक्सी ऐप, जानें कैसे करें बुक

Bharat Taxi Launch केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह देश में आज से भारत टैक्सी की शुरुआत कर रहे हैं. ओला, उबर और इनड्राइव जैसी कैब सर्विस के बीच आज से एक और नई सर्विस की औपचारिक शुरुआत हो रही है. भारत टैक्सी, दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों में ओला, उबर जैसी कैब सर्विस को चुनौती देगी.
अमिश शाह लॉन्च करेंगे भारत टैक्सी
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर दिल्ली में पिछले कुछ महीने से ये सर्विस चल रही थी और आज से इसकी औपचारिक शुरुआत हो रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत टैक्सी के पायलट प्रोजेक्ट में टॉप परफॉर्मेंस करने वाले कैब ड्राइवर्स को भी आज सम्मानित किया जाएगा. उन्हें दुर्घटना बीमा और पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा.
भारत टैक्सी को ड्राइव करने वालों को ड्राइवर नहीं बल्कि सारथी कहा जाएगा. केंद्र का दावा है कि सारथी ही इस सर्विस के मालिक होंगे. वहीं इस सर्विस का इस्तेमाल करते हुए आप जो भी किराया देंगे वो सीधे ड्राइवर के खाते में ही जाएगा. ओला-उबर की तरह राइड के बाद फेयर में से कमीशन नहीं काटा जाएगा.
जानें क्या है भारत टैक्सी
भारत टैक्सी को केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय और NeGD यानी नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन ने मिलकर तैयार किया है. केंद्र ने इसके लिए सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड के साथ MoU किया है. ये प्राइवेट कंपनी की तरह नहीं, बल्कि एक को-ऑपरेटिव की तरह होगा. इसलिए इसमें ड्राइवर भी को-ऑनर होंगे.
इस सेवा को सहकार टैक्सी ऑपरेट करेगी, जबकि संचालन के लिए एक काउंसिल बनाई गई है. दूध वाली सहकारी कंपनी जो अमूल ब्रैंड नाम से प्रॉडक्ट बनाती है, उसी के एमडी जयेन मेहता को काउंसिल का चेयरमैन बनाया गया है. अलग-अलग को-ऑपरेटिव कमिटी के 8 अन्य सदस्य इसमें शामिल हैं.
इस सेवा का इस्तेमाल करना ओला-उबर ऐप यूज करने जितना आसान है. इसके लिए एंड्रॉयड यूजर्स को गूगल प्ले स्टोर से, जबकि आईफोन यूजर्स को एप्पल स्टोर से ‘भारत-टैक्सी’ ऐप इंस्टॉल करना होगा. बताया जा रहा है कि ये हिंदी और अंग्रेजी के अलावा गुजराती और मराठी में भी एवलेबल होगा.
ये मेंबरशिप प्लान बेस्ड होगा और इसके तहत ड्राइवर्स को हर राइड की 100 फीसदी कमाई मिलेगी. उन्हें केवल मेंबरशिप प्लान के तहत दैनिक, साप्ताहिक या मासिक आधारित चार्ज देना होगा. कहा जा रहा है कि ये चार्ज मामूली होगा. बताया जा रहा है कि इस सेवा का विस्तार दिल्ली के अलावा मुंबई, पुणे, भोपाल, लखनऊ, जयपुर समेत 20 शहरों में होगा.
मेट्रो टिकट बुकिंग की मिलेगी सुविधा
भारत टैक्सी ऐप में मेट्रो टिकट बुकिंग करने के लिए सर्विस कैटेगरी में जाना होगा. जहां मेट्रो टिकट का ऑप्शन है. मेट्रो स्टेशन का चुनाव करने के बाद UPI करने का ऑप्शन मिल जाएगा. वहीं, भारत टैक्सी एक सहकार मॉडल पर काम करता है, जिसकी वजह से यह चर्चा में है. ऐप को लेकर दावा किया है कि इसमें सस्ता किराया, कम कमिशन और ड्राइवर के लिए बीमा तक की सुविधा मिलेगी.
भारत टैक्सी ऐप में रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
Bharat Taxi Launchभारत टैक्सी ऐप में लॉगइन करने के लिए मोबाइल नंबर का यूज करना होगा. एक बार नंबर एंटर करें , उसके बाद नंबर को OTP से वेरिफाई करें. फिर यूजर्स को नाम एंटर करना होगा. इसके बाद वह ऐप का यूज कर पाएंगे. भारत टैक्सी ऐप के तहत टैक्सी बुकिंग करने की कोशिश की तो इसमें भारत बाइक, भारत ऑटो, कैब इकॉनमी, कैब प्राइयोरिटी जैसे कई ऑप्शन सामने लगे.



