रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News: CMO के संरक्षण में धधक रहे अवैध ईंट भट्टे,किरोड़ीमल नगर में वर्षों से कानून की खुलेआम अनदेखी, कलेक्टर से शिकायत के बाद मचा हड़कंप

Raigarh News:  रायगढ़ | RGHNEWS @Prashant Tiwari किरोड़ीमल नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित अवैध ईंट भट्टों को लेकर एक बड़ा और गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी मनोज बाजपेई द्वारा जिला कलेक्टर रायगढ़ को की गई लिखित शिकायत के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में कई ईंट भट्टे बिना किसी वैधानिक अनुमति के वर्षों से संचालित हो रहे हैं और इन्हें नगर पंचायत के CMO देवेंद्र प्रताप का संरक्षण प्राप्त है।

Read More: Share market : कल रविवार के दिन भी खुलेगा शेयर बाजार! जानें बजट डे के स्पेशल ट्रेडिंग सेशन का समय

*पर्यावरण से लेकर श्रम कानून तक, हर नियम ताक पर*

शिकायत में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि ये अवैध ईंट भट्टे पर्यावरण नियमों, खनिज अधिनियम, श्रम कानूनों और नगर पंचायत के तय मानकों का खुला उल्लंघन कर रहे हैं। भट्टों से निकलने वाला जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र को प्रदूषण की चपेट में ले रहा है, जिससे आम नागरिकों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन भट्टों के कारण बच्चों और बुजुर्गों में सांस की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।

*कार्रवाई शून्य, प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में*

सबसे गंभीर आरोप यह है कि नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को इन अवैध ईंट भट्टों की पूरी जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह प्रशासनिक लापरवाही है या फिर अवैध कारोबार को दिया जा रहा संरक्षण?

शिकायतकर्ता का दावा है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी स्थानीय समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं, इसके बावजूद न तो भट्टों को बंद कराया गया और न ही किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई हुई।

*जनता में बढ़ता आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी*

अवैध ईंट भट्टों के कारण हो रहे प्रदूषण और प्रशासन की चुप्पी से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इन भट्टों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मजबूर होकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

लोग यह भी सवाल कर रहे हैं कि आखिर किसके संरक्षण में ये भट्टे इतने बेखौफ होकर संचालित हो रहे हैं और कानून इन पर मेहरबान क्यों दिखाई दे रहा है?

शिकायत में कलेक्टर से मांग की गई है कि

किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में संचालित सभी ईंट भट्टों की संयुक्त जांच (नगर पंचायत, खनिज विभाग व राजस्व विभाग) कराई जाए।

अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों को तत्काल बंद कराया जाए।

अवैध भट्टों को संरक्षण देने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर CMO देवेंद्र प्रताप सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

Read More: ICC U19 World Cup: IND Vs PAK के बीच होने जा रहा है महामुकाबला! जानें कब और कहां कितने बजे शुरू होगा मैच

*अब कलेक्टर के फैसले पर टिकी नजर*

अब पूरा मामला जिला कलेक्टर रायगढ़ के संज्ञान में है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस बार अवैध ईंट भट्टों पर सख्त कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button