*✍️मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट आने वाले दिनों मे इन राज्यों मे हो सकती है आंधी के साथ बारिश…*

RGHNEWS उत्तर भारत के लोग इन दिनों तेज गर्मी से जूझ रहे हैं। देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किए जाने के बाद भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि गुरुवार, 15 अप्रैल को लू की स्थिति नहीं होगी। IMD ने कहा कि गुजरात और हरियाणा के छिटपुट हिस्सों में 14 अप्रैल को लू की स्थिति देखी गई थी। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानों समेत अन्य जगहों पर 40 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है।
IMD ने कहा, ‘पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम बंगाल और पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात में कुछ स्थानों और छत्तीसगढ़, विदर्भ, ओडिशा, झारखंड और मराठवाड़ा में छिटपुट जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया।’
IMD ने बताया कि 15 से 20 अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं, वहीं 17 से 20 अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। इसी के साथ आने वाले 2 दिनों में प्रायद्वीपीय भारत में गरज और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। IMD का कहना है कि अगले दो दिनों में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण कर्नाटक और कराईकाल में भी बारिश के आसार दिख रहे हैं।