छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

CG Nikay Chunav voting : छत्तीसगढ़ में 173 नगरीय निकायों के लिए वोटिंग आज, सुबह 8 बजे से शुरू होगा मतदान..

CG Nikay Chunav voting, छत्तीसगढ़ में मंगलवार को 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 नगर निकायों के लिए मतदान होगा। पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के बाद, राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस एक बार फिर चुनावी मैदान में आमने-सामने है। छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग के मुताबिक, राज्य में नगर निकायों के चुनाव के साथ ही सुकमा और दुर्ग नगर निकायों के पांच वार्डों के उपचुनाव के लिए भी मतदान होगा।

CG Nikay Chunav voting निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने सोमवार को कहा, ”173 नगर निकायों में चुनाव और चार नगर निकायों के पांच वार्डों में उपचुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान दल अपने गंतव्य पर पहुंचने लगे हैं।”

उन्होंने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। नगर निकायों के चुनाव और उपचुनाव में भाग ले रहे 10 हजार से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कुल 44,90,360 मतदाता करेंगे, जिनमें 22,08,625 पुरुष, 22,81,226 महिलाएं और 509 ‘थर्ड जेंडर’ मतदाता शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नगर निकायों के चुनाव के लिए कुल 5,970 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 1,531 संवेदनशील और 132 अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गए हैं। इसी तरह पांच वार्डों के उपचुनाव के लिए 22 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बसना नगर पंचायत के अध्यक्ष और विभिन्न नगर निकायों के 32 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, क्योंकि वहां कोई अन्य उम्मीदवार नहीं था।

राज्य के प्रतिष्ठित रायपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा ने पार्षद और रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व महापौर प्रमोद दुबे की पत्नी दीप्ति दुबे पर भरोसा जताया है। चौबे और दुबे के मध्य सीधे मुकाबले की संभावना जताई जा रही है।

वहीं, राजनांदगांव नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को तथा कांग्रेस ने निखिल द्विवेदी को अपना उम्मीदवार बनाया है। राज्य के उत्तर क्षेत्र के अंबिकापुर नगर निगम में महापौर पद के लिए दो बार के महापौर रहे कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की का मुकाबला भाजपा की मंजूषा भगत से होगा।

CG Nikay Chunav votingराज्य के दोनों प्रमुख दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए तीन सप्ताह तक व्यापक प्रचार किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा के लिए अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने अपने पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में राज्य के प्रमुख नगरीय निकायों में जनसभा की और रोड शो किया। साय ने इस दौरान ‘ट्रिपल-इंजन’ सरकार (केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों में भाजपा शासन) के लिए वोट मांगे।

Related Articles

Back to top button