Kolkatta Rape Murder News: कोलकाता रेप-मर्डर केस, निर्भया की मां बोलीं- ममता इस्तीफा दें

Kolkatta Rape Murder News कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर केस के विरोध में देशभर में डॉक्टरों की हड़ताल 8वें दिन (17 अगस्त) भी जारी रही। इस बीच दिल्ली रेप केस की पीड़ित निर्भया की मां ने सीएम ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
निर्भया की मां ने कहा कि ममता अपने पद का दुरुपयोग कर रही हैं। वे इस घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहीं हैं। उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
वहीं, CBI अब केस के आरोपी संजय रॉय का साइकोलॉजिकल टेस्ट कराएगी। अधिकारियों ने कहा कि सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) से मनोवैज्ञानिक और व्यवहार विश्लेषकों की टीम टेस्ट करने के लिए दिल्ली से कोलकाता पहुंच चुकी है।
इधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने डॉक्टर्स से हड़ताल खत्म करने को कहा है। मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा- डॉक्टरों की मांग को लेकर कमेटी बनाई जाएगी। सुरक्षा के लिए राज्य सरकारों से भी सुझाव मांगे जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्रालय के इस फैसले के पहले IMA चीफ ने शनिवार को कहा- इमरजेंसी सेवाएं छोड़कर अस्पतालों में कामकाज बंद है। हमारी मांग है कि डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हमने ऐसा कुछ नहीं मांगा जो सरकार नहीं कर सकती है।
Kolkatta Rape Murder News दरअसल, 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से रेप और हत्या की गई थी। 14 अगस्त की देर रात इसी अस्पताल में हिंसा हुई, जिसके बाद IMA ने देशभर में प्रदर्शन का फैसला किया था।